TI को मिनी ट्रक से कुचलकर भागे ड्राइवर का शॉर्ट एनकाउंटर! आलीराजपुर में पुलिस ने दबोचा

देवास के खातेगांव TI दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचलकर मारने वाले फरार ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को पुलिस ने आलीराजपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान शॉर्ट एनकाउंटर की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल समेत तीन आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। अब पुलिस गुजरात तक फैले शराब तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
 TI को मिनी ट्रक से कुचलकर भागे ड्राइवर का शॉर्ट एनकाउंटर! आलीराजपुर में पुलिस ने दबोचा

देवास। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत को पुलिस ने आलीराजपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल गिरफ्तारी और एनकाउंटर को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस आरोपी से अवैध शराब की तस्करी और इस कारोबार में शामिल लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। इस गिरफ्तारी को मामले की जांच में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, क्योंकि घटना के बाद से ही गजेंद्र पुलिस की पकड़ से बाहर था। जांच एजेंसियां अब उससे यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की खेप कहां से आती थी और तस्करी के लिए किन लोगों की मदद ली जाती थी।

संबंधित खबर: देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे TI दिलीप पूरी को बेरहमी से कुचला- मौत ,आयशर का पहिया चढ़ा और चली गई जान

कांग्रेस नेता समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्त में

खातेगांव TI की हत्या के मामले में पुलिस इससे पहले कथित शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल, उसके सहयोगी इंदौर निवासी विजय राव और मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में अब मुख्य आरोपी ड्राइवर तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।सोमवार रात पुलिस मिनी ट्रक मालिक केरम सिंह को घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़ें: मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 23 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं को मंजूरी, 15 नए सैटेलाइट टाउन बनेंगे

शराब से भरा मिनी ट्रक रोकने पहुंचे थे TI, चालक ने चढ़ा दिया वाहन

यह सनसनीखेज वारदात रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे की है। देवास जिले के खातेगांव थाना क्षेत्र में इंदौर-बैतूल हाईवे पर स्थित नर्मदा ढाबे के पास पुलिस को अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक की जानकारी मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ वाहन को रोकने पहुंचे।बताया जाता है कि पुलिस द्वारा ट्रक रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक ने वाहन थामने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और थाना प्रभारी को कुचलते हुए निकल गया। मिनी ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 का पिछला पहिया उनके सीने और कमर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद चालक गजेंद्र मौके से फरार हो गया था।

ये भी पढ़ें: सीहोर के मिडघाट हाईवे पर कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, करीब 100 की मौत, कई घायल

गुजरात तक फैला था तस्करी का नेटवर्क

पुलिस की जांच में सामने आया है कि गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत लंबे समय से अवैध शराब के परिवहन में सक्रिय था। वह मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से शराब की खेप लेकर गुजरात के छोटा उदयपुर और दाहोद तक पहुंचाता था। उसके खिलाफ वर्ष 2018 और 2021 में भी अवैध शराब के परिवहन से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।आरोपी का छोटा भाई धर्मेंद्र उर्फ बबलू भी रंगदारी के मामलों में सक्रिय बताया जा रहा है। वहीं, आरोपी के पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी से जुड़े संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़ें: IPS अनुराग सुजानिया ने दिया इस्तीफा, चार दिन पहले सागर SP पद से हटाकर भेजा था पुलिस मुख्यालय

पूछताछ में सामने आएंगे नेटवर्क के बड़े नाम

देवास की एडिशनल एसपी सौम्या जैन के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका सामने लाई जाए।

 

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...

Latest Posts