देवास में मिलावटखोरों सक्रिय :10.80 क्विंटल मावा एवं मिठाइयां जब्त, स्वीट्स संचालक पर FIR

देवास। दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत महज पांच दिनों में 38 प्रतिष्ठानों की जांच कर 78 नमूने लिए गए। इस दौरान 4 लाख 86 हजार 500 रुपये मूल्य का 10.80 क्विंटल एनालॉग मावा और उससे निर्मित मिठाइयां जब्त की गईं। इसके अलावा 30 लीटर दूध भी जब्त किया गया।कार्रवाई में सबसे गंभीर मामला न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन का सामने आया। यहां बार-बार प्रतिबंधित एनालॉग मावे का इस्तेमाल कर मिठाइयां तैयार करने और बेचने के मामले में प्रतिष्ठान संचालक अंकुर जैन के खिलाफ नाहर दरवाजा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
ये भी पढ़ें: 8 साल का इंतजार, करोड़ों खर्च फिर भी सूखे नल! हरसूद में पेयजल योजना बनी शोपीस
कलेक्टर नेहा मीना द्वारा अनुभाग स्तर पर गठित जांच दलों ने यह कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 51, 52 और 55 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274 और 275 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है।
ये भी पढ़ें: 30 लाख दीयों से जगमगाई रामनगरी, अयोध्या में दिखा अद्भुत नजारा; CM योगी ने निषाद समाज को सराहा
दो बार कार्रवाई, फिर भी नहीं रुका प्रतिबंधित मावे का इस्तेमाल
न्यू स्वदेशी स्वीट्स एंड नमकीन पर पहले भी मिलावटी मावे को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। 5 नवंबर को खाद्य विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान से 770 किलोग्राम एनालॉग मावा और उससे निर्मित मिठाइयां जब्त कर नष्ट करवाई थीं। इससे पहले 26 अगस्त को भी यहां से करीब 300 किलोग्राम एनालॉग मावा और मिठाइयां जब्त कर नष्ट कराई गई थीं।लगातार दो बार कार्रवाई होने के बावजूद प्रतिबंधित मावे का इस्तेमाल किए जाने पर प्रशासन ने अब संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें: PM मोदी इस बार बस्तर में जवानों के साथ मनाएंगे दिवाली, बोले- जहां कभी नक्सलवाद था, वहां अब विकास की बहार
15 प्रतिष्ठानों की जांच, चार जगह से मावा और मिठाई जब्त
खाद्य आपूर्ति विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने देवास नगर, टोंकखुर्द, सतवास और हाटपीपल्या में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कुल 15 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें देवास नगर के 6, सतवास के 4, हाटपीपल्या के 4 और टोंकखुर्द का एक प्रतिष्ठान शामिल था।जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों से कुल 25 किलो एनालॉग मावा और एक प्रतिष्ठान से 5 किलो मावा बर्फी जब्त की गई।शिव शक्ति मिल्क कार्नर और गुरु कृपा मावा भंडार से 10-10 किलो तथा शिव शक्ति मावा भंडार से 5 किलो एनालॉग मावा जब्त किया गया। वहीं गीताश्री स्वीट्स में एनालॉग मावे से तैयार 5 किलो मावा बर्फी मिलने पर उसे भी जब्त किया गया।
ये भी पढ़ें: कटनी SP ने अनाथ आश्रम के बच्चों के साथ मनाई दीपावली, बांटे उपहार और मिठाइयां, फुलझड़ी जलाकर चेहरे पर बिखेरी मुस्कान
घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग, दो जब्त
जांच अभियान के दौरान टोंकखुर्द स्थित राजस्थानी स्वीट्स एंड नमकीन प्रतिष्ठान पर घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला भी सामने आया। टीम ने मौके से दो घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए।इसके अलावा सतवास में चार प्रतिष्ठानों से कुल 15 नमूने और हाटपीपल्या में चार प्रतिष्ठानों से 9 नमूने लिए गए।
मिलावट और नियमों के उल्लंघन पर जारी रहेगा अभियान
दीपावली पर्व को देखते हुए प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के साथ घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने और पैकेजिंग कमोडिटी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जांच दल लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से मिलावटखोरी करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




















