Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित; आबकारी अधिकारी भी सस्पेंड

देवास के खातेगांव में शराब से भरे ट्रक की टक्कर से टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद हरदा में तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। आबकारी विभाग के तीन कर्मचारियों को भी सस्पेंड किया गया है।
टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित; आबकारी अधिकारी भी सस्पेंड
टीआई की मौत के बाद हरदा में शराब दुकानों पर कार्रवाई

हरदा। देवास जिले की खातेगांव तहसील में शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद हरदा जिले में पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शराब दुकानों की जांच की। टिमरनी और रहटगांव की तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, आबकारी विभाग के एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी और दो आरक्षकों को भी निलंबित किया गया है। मामले की जांच के लिए राज्य शासन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन को जिम्मेदारी सौंपी है।

टीआई की मौत के बाद शराब दुकानों पर कार्रवाई

खातेगांव में टीआई दिलीप पुरी की मौत के कुछ ही घंटों बाद हरदा जिले में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। टिमरनी थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश गौड़ शराब दुकानों की जांच के लिए पहुंचे। कार्रवाई के दौरान टिमरनी क्षेत्र की शराब दुकानों के साथ रहटगांव स्थित दुकान को भी बंद कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने सोडलपुर रोड और हरदा रोड स्थित शराब दुकानों के अलावा रहटगांव की दुकान की जांच की। राधा बाई पुलिया के पास स्थित दुकान को सील किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

कलेक्टर ने तीन दुकानों के लाइसेंस किए निलंबित

देर शाम कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुमार सत्यम ने शराब दुकान लाइसेंसी पाटेन्द्र जायसवाल की टिमरनी क्षेत्र की तीन मदिरा दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इनमें टिमरनी की दो और रहटगांव की एक दुकान शामिल है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित दुकानों का संचालन बंद हो गया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी समेत तीन कर्मचारी सस्पेंड

मामले में आबकारी विभाग ने भी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने टिमरनी के सहायक जिला आबकारी अधिकारी अमरसिंह बघेल और आबकारी आरक्षक अरुण कुमरे तथा कृष्णपाल सिंह डोडियार को निलंबित कर दिया है। हालांकि उनके निलंबन के विस्तृत कारणों और विभागीय जांच की स्थिति को लेकर अलग से जानकारी सामने नहीं आई है।

शराब दुकान के मैनेजर से पूछताछ

चर्चा है कि देवास जिले के खातेगांव में जिस ट्रक से हादसा हुआ, वह हरदा जिले की शराब दुकानों से निकला था। इसी कड़ी में पुलिस शराब दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक कहां से रवाना हुआ था और शराब के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों में कोई अनियमितता तो नहीं थी।

विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर साधा निशाना

मामले में कांग्रेस नेता और युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल जायसवाल का नाम भी चर्चा में आया है। प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग ने कार्रवाई को लेकर कहा कि जहां-जहां अवैध शराब का मामला सामने आ रहा है, वहां कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिमरनी में हुई कार्रवाई के तार कांग्रेस नेता से जुड़े होने की बात सामने आई है और इसकी जांच चल रही है।

राहुल जायसवाल ने वीडियो जारी कर दी सफाई

कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि शराब दुकानों से उनका कोई लेना-देना नहीं है और दुकानों का लाइसेंस उनके नाम पर नहीं है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि मामले में उनका नाम बेवजह घसीटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनका पेट्रोल पंप और बस ऑपरेटिंग का व्यवसाय है।

हरदा में 55 हजार की ब्राउन शुगर बरामद, 37 वर्षीय युवक गिरफ्तार

जांच के लिए उपेंद्र जैन नियुक्त

टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में राज्य शासन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। सोमवार देर शाम उपेंद्र जैन पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खातेगांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts