
अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2- द रूल’ के प्रीमियर के दौरान संध्या थिएटर में भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई और उनके बेटे को चोटें आईं। इस घटना के बाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया था और उनकी गिरफ्तारी भी की गई थी। अब, आंध्र प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री और तेलुगु सुपरस्टार पवन कल्याण ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कानून सबके लिए एक बराबर- पवन कल्याण
पवन कल्याण ने कहा कि कानून सभी के लिए एक समान है। मैं पुलिस को इस घटना के लिए दोषी नहीं ठहराता। उनका काम सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने यह भी कहा कि थिएटर स्टाफ को अल्लू अर्जुन को समय रहते भगदड़ की स्थिति के बारे में जानकारी देनी चाहिए थी। अगर ऐसा होता तो यह हादसा टल सकता था।
पवन कल्याण ने अल्लू अर्जुन को सलाह देते हुए कहा कि अगर अल्लू अर्जुन पहले ही पीड़ित परिवार से मिल लेते और दुख जताते, तो स्थिति संभाली जा सकती थी। इंसानियत के तौर पर उन्हें इस हादसे में शामिल परिवार को सांत्वना देना चाहिए था। भले ही सीधे तौर पर उनकी गलती न हो, लेकिन वो पीड़ित परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समय रहते कर सकते थे।
घटना के लिए अकेले अल्लू अर्जुन जिम्मदार नहीं
पवन कल्याण ने इस घटना पर अल्लू अर्जुन की आलोचना करते हुए कहा कि इस मामले में इंसानियत की कमी साफ दिखी। सभी को पीड़ित परिवार से मिलकर सहानुभूति जतानी चाहिए थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म एक सामूहिक प्रयास है और इस घटना के लिए केवल अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
महिला की मौत से दुखी पवन कल्याण
पवन कल्याण ने कहा कि रेवती की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की सराहना करते हुए उन्हें महान नेता कहा और उम्मीद जताई कि सरकार ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सख्त कदम उठाएगी।
क्या है पूरा मामला?
4 दिसंबर को अल्लू अर्जुन अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के लिए हैदराबाद के संध्या थिएटर पहुंचे। उनके आने से वहां भीड़ जमा हो गई और भगदड़ मच गई। इस दौरान 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई और उनका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि, उन्हें तुरंत जमानत भी मिल गई।
One Comment