Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शराब पार्टी के दौरान विवाद में युवक की हत्या: पार्षद ने शव को रेत में दफनाया, 4 आरोपी गिरफ्तार; 22 मई से था लापता

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक की हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को महासमुंद के नानगांव इलाके में रेत में दफना दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड में एक निर्दलीय पार्षद का नाम भी सामने आया है।
पार्षद ने शव को रेत में दफनाया, 4 आरोपी गिरफ्तार; 22 मई से था लापता

रायपुर। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान भुवनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो मोनेट कंपनी में ऑपरेटर था। युवक 22 मई से लापता था, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को हत्या और शव छिपाने की पूरी साजिश का पता चला।

शराब को लेकर हुआ विवाद 

जानकारी के अनुसार घटना वाले दिन भुवनेश्वर यादव मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पास मौजूद था। वहीं कुछ युवक भी शराब पी रहे थे। इसी दौरान पानी को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज तक पहुंच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

ये भी पढ़ें: लॉरेंस गैंग का ‘डिजिटल दिमाग’ गिरफ्तार: वर्चुअल प्लेटफॉर्म से चलाता था गैंग का नेटवर्क

पार्षद और साथियों पर हत्या का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के बाद निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद की ओर ले गया। आरोप है कि महानदी किनारे युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। मारपीट के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को रेत में दफना दिया।

चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

भुवनेश्वर के लापता होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान युवक की आखिरी लोकेशन मंदिर हसौद इलाके में मिली। पुलिस को जानकारी मिली कि उसे आखिरी बार गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

ये भी पढ़ें: सरगुजा: छत्तीसगढ़ में तहसीलदारों की हड़ताल, बीजेपी विधायक पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप

पूछताछ में खुला हत्या का राज

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने महासमुंद के नानगांव इलाके से रेत में दफन शव को बाहर निकाला। पुलिस ने हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts