PU Special :कभी प्रताड़ना और हिंसा का शिकार हुईं, आज पीड़ित महिलाओं के लिए बनीं सहारा; काउंसलिंग और प्रशिक्षण से बदली तीन महिलाओं की जिंदगी

भोपाल में घरेलू हिंसा का सामना करने वाली अमरीन खान, रक्षा राठौर और ममता अहिरवार ने गौरवी सेंटर की मदद से जिंदगी बदली। आज तीनों आत्मनिर्भर हैं और दूसरी पीड़ित महिलाओं को भी हौसला दे रही हैं।
कभी प्रताड़ना और हिंसा का शिकार हुईं, आज पीड़ित महिलाओं के लिए बनीं सहारा; काउंसलिंग और प्रशिक्षण से बदली तीन महिलाओं की जिंदगी
कभी प्रताड़ना और हिंसा का शिकार हुईं

पल्लवी वाघेला, भोपाल। घरेलू हिंसा किसी महिला को सिर्फ शारीरिक और मानसिक रूप से ही नहीं तोड़ती, बल्कि उसके आत्मसम्मान, सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करती है। कई बार हालात ऐसे हो जाते हैं कि महिलाओं के सामने अपने और बच्चों के जीवन को संभालने की चुनौती खड़ी हो जाती है। लेकिन सही समय पर मदद, काउंसलिंग और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले तो जिंदगी की दिशा बदली जा सकती है। भोपाल की तीन महिलाओं की कहानियां इसकी मिसाल हैं। कभी घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का सामना करने वाली ये महिलाएं आज न केवल अपने पैरों पर खड़ी हैं, बल्कि दूसरी पीड़ित महिलाओं को भी मुश्किलों से लड़ने और नई जिंदगी शुरू करने का हौसला दे रही हैं। घरेलू हिंसा के खिलाफ चल रहे अंतरराष्ट्रीय जागरूकता अभियान '16 डेज ऑफ एक्टिविज्म' के बीच इनकी कहानियां यह संदेश देती हैं कि हिंसा के खिलाफ आवाज उठाना और मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि बदलाव की पहली सीढ़ी है।

प्रताड़ना से निकलकर बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल

अमरीन खान की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। शादी के बाद उन्हें ससुराल में मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। गर्भावस्था के दौरान वर्ष 2022 में वह मदद की तलाश में गौरवी सेंटर पहुंचीं। यहां काउंसलिंग के जरिए पति और ससुराल पक्ष के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी।

अमरीन बताती हैं कि मुश्किल दौर में गौरवी सेंटर में मुकुल माधव फाउंडेशन और फिनोलेक्स पाइप के सहयोग से उन्होंने फैशन डिजाइनिंग और ब्यूटी वर्क की ट्रेनिंग ली। इसके बाद पति भी उनके साथ रहने को तैयार हो गए और दोनों अलग घर में रहने लगे। हालांकि आर्थिक परेशानियां बनी हुई थीं। ऐसे में अमरीन ने घर से ही हैंडीक्राफ्ट का काम शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने अपने काम को आगे बढ़ाया और दूसरी पीड़ित महिलाओं को भी ट्रेनिंग देने लगीं, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। आज अमरीन भोपाल हाट और गौहर महल में लगने वाले मेलों में अपनी स्टॉल लगाती हैं। उनके काम की राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी सराहना कर चुके हैं। इसके अलावा उन्हें कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। कभी मदद की तलाश में गौरवी पहुंचीं अमरीन आज दूसरी महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की राह तैयार कर रही हैं।

PU Special : मध्यप्रदेश में तलाक और मेंटेनेंस के लिए कपल रच रहे साजिश, फैमिली कोर्ट में सामने आए 18 मामले

अपने ही घर में रहीं कैद, अब दूसरों को दे रहीं हौसला

रक्षा राठौर की शादी वर्ष 2007 में हुई थी। बेटी के जन्म के बाद उनकी जिंदगी मुश्किल होती चली गई। बेटे की चाह में पति की ओर से मारपीट और गाली-गलौज बढ़ती गई। जुड़वां बच्चे होने के बाद भी हालात नहीं बदले। रक्षा करीब 10 से 12 साल तक बच्चों की खातिर प्रताड़ना सहती रहीं।

रक्षा बताती हैं कि पति ने उन्हें घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, उनके नाम पर दर्ज मकान को कथित तौर पर फर्जी रजिस्ट्री के जरिए बेच दिया गया। वह दोबारा पति के साथ रहने पहुंचीं तो उन्हें करीब नौ महीने तक किराए के मकान में कैद रखा गया। किसी तरह वहां से निकलकर वह वन स्टॉप सेंटर पहुंचीं। यहां उन्हें काउंसलिंग, राशन और कानूनी मामलों में सहयोग मिला। इसके बाद रक्षा ने सेंटर से ही कंप्यूटर ट्रेनिंग ली। वर्ष 2022 में उन्होंने वन स्टॉप सेंटर में डेस्क वर्कर के रूप में काम शुरू किया। आज वह घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को उनकी मुश्किलों से लड़ने का हौसला देती हैं। रक्षा का कहना है कि महिलाओं को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। अगर उनमें आगे बढ़ने का हौसला है तो कुछ भी नामुमकिन नहीं है।

Featured News

दहेज के लिए प्रताड़ना झेली, अब संवार रहीं पीड़ित महिलाओं की जिंदगी

ममता अहिरवार ने भी घरेलू हिंसा का लंबा दौर झेला है। कभी आठ महीने तक अपने ही घर में कैद रहने वाली ममता आज गौरवी सखी वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर में वॉर्डन के रूप में काम कर रही हैं। उनका कहना है कि उनका एक ही सपना है कि कोई दूसरी महिला उनकी तरह हिंसा न सहे और हर महिला को अपने बच्चों के साथ सम्मान से रहने के लिए सुरक्षित घर मिले।

ममता की शादी वर्ष 2005 में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही पति के शक और गुस्से के कारण उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। बेटा और तीन बेटियां होने के बाद भी पति की मारपीट बंद नहीं हुई। उन पर मायके से पैसे लाने का दबाव भी बनाया जाता था। करीब दो साल तक मायके में रहने के बाद जब ममता पति के पास लौटीं तो उन्हें बच्चों समेत घर में कैद कर दिया गया। वर्ष 2018 में उनकी बड़ी बेटी की सूचना पर गौरवी सेंटर की टीम और पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू किया। इसके बाद उनकी जिंदगी में बदलाव आया। आज ममता अपने बच्चों को पढ़ा रही हैं और खुद गौरवी सेंटर में दूसरी पीड़ित महिलाओं की मदद करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में जुटी हैं।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts