PU Special :मध्यप्रदेश में नए जिले और तहसील बनाने के लिए तय होंगे मानदंड, 5 नए जिले प्रस्तावित; छिंदवाड़ा बन सकता है संभाग

मध्यप्रदेश में पांच नए जिले बनाने का प्रस्ताव है। तहसील मुख्यालय से 75 किमी और ब्लॉक की सीमा 80 किमी तक रखने पर विचार हो रहा है। छिंदवाड़ा नया संभाग बन सकता है, जबकि भोपाल और इंदौर के विभाजन की संभावना भी है।
मध्यप्रदेश में नए जिले और तहसील बनाने के लिए तय होंगे मानदंड, 5 नए जिले प्रस्तावित; छिंदवाड़ा बन सकता है संभाग
नए जिले और तहसील बनाने के लिए तय होंगे मानदंड

अशोक गौतम, भोपाल। मध्यप्रदेश में नए जिले, तहसील और संभाग बनाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर मंथन चल रहा है। इसके लिए पहली बार दूरी, जनसंख्या, गांवों की संख्या और क्षेत्रफल जैसे आधारों पर मानदंड तय किए जा रहे हैं। इन मानदंडों के आधार पर भविष्य में प्रदेश की प्रशासनिक सीमाओं का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके साथ ही एसडीओपी, तहसीलदार और निचले स्तर के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी निर्धारित किए जाएंगे, ताकि प्रशासनिक कामकाज और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में परेशानी न हो। यह पूरी योजना मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग तैयार कर रहा है। आयोग अगले तीन से चार महीने में अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप सकता है। रिपोर्ट में यह भी तय करने की सिफारिश की जाएगी कि जिला मुख्यालय से अंतिम गांव की दूरी कितनी होनी चाहिए और आम लोगों को सरकारी कामकाज के लिए कितनी दूरी तय करनी पड़े।

तहसील मुख्यालय से 75 किमी और ब्लॉक की सीमा 80 किमी तक रखने पर विचार

प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए तहसील और ब्लॉक की अधिकतम दूरी तय करने पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, तहसील मुख्यालय से संबंधित क्षेत्र की अधिकतम दूरी 75 किलोमीटर और ब्लॉक की सीमा 80 किलोमीटर तक रखी जा सकती है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी कामकाज के लिए 150 से 200 किलोमीटर तक की दूरी तय कर जिला या तहसील मुख्यालय पहुंचने की परेशानी से बचाना है। इससे प्रशासनिक अधिकारियों की क्षेत्र में पहुंच आसान होगी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी भी बेहतर हो सकेगी।

प्रदेश में पांच नए जिले बनाने का प्रस्ताव

मध्यप्रदेश में वर्तमान में 55 जिले हैं। प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत पांच और नए जिले बनाए जाने की संभावना है। इनमें शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील, जबलपुर की सिहोरा तहसील, सागर की बीना तहसील, गुना की चाचौड़ा तहसील और उज्जैन की नागदा तहसील शामिल हैं। ये सभी क्षेत्र अपने मौजूदा जिला मुख्यालय से करीब 70 से 80 किलोमीटर दूर हैं। इसके अलावा उद्योग और कारोबार के लिहाज से भी इनका महत्व है। ऐसे में इन्हें जिला बनाने की मांग और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए मानदंडों के आधार पर विचार किया जा रहा है। अन्य प्रशासनिक इकाइयों के लिए भी दूरी के साथ गांवों की संख्या और क्षेत्रफल को आधार बनाया जाएगा। इससे यह तय करने में मदद मिलेगी कि किसी क्षेत्र को तहसील, ब्लॉक या जिला बनाने की जरूरत है या नहीं।

जबलपुर से अलग होकर छिंदवाड़ा बन सकता है नया संभाग

प्रदेश में एक नया संभाग बनाने की तैयारी भी चल रही है। इसके लिए छिंदवाड़ा का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। क्षेत्रफल के लिहाज से छिंदवाड़ा बड़ा जिला है, जबकि जबलपुर संभाग प्रदेश का सबसे बड़ा संभाग है। वर्तमान में जबलपुर संभाग के अंतर्गत नौ जिले आते हैं। ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छिंदवाड़ा को अलग संभाग बनाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। वहीं, शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील को जिला बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले भी रख चुके हैं।

Featured News

भोपाल और इंदौर जिलों के विभाजन पर भी हो सकता है विचार

प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन में प्रदेश के दो सबसे बड़े शहरों भोपाल और इंदौर के जिलों के विभाजन की संभावना भी शामिल हो सकती है। जनसंख्या के लिहाज से इंदौर प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है जबकि भोपाल दूसरे स्थान पर है। दोनों जिलों की आबादी 30 लाख से अधिक है। इसके मुकाबले हाल के वर्षों में गठित मऊगंज, मैहर, निवाड़ी और पांढुर्णा जैसे जिलों की आबादी करीब चार से आठ लाख के बीच है। भोपाल और इंदौर में विधानसभा सीटों की संख्या भी अधिक है। ऐसे में बढ़ती आबादी और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए दोनों जिलों के विभाजन के विकल्प पर भी विचार किया जा सकता है।

 एमपी में बनेगा 56वां जिला: CM मोहन यादव ने पिछोर को जिला बनाने का किया ऐलान, लाड़ली बहना की 42वीं किस्त जारी

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से लिया जा रहा फीडबैक

मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग फिलहाल अलग-अलग पहलुओं का अध्ययन कर रहा है। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव और फीडबैक लिया जा रहा है। आयोग की रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया जाएगा कि प्रदेश में कितनी नई तहसीलें, जिले और संभाग बनाए जाने की जरूरत है। इसके बाद रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। आयोग के अध्यक्ष एसएन मिश्रा के मुताबिक, प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं निर्धारित करने के लिए मानदंड तय करना आयोग के कार्यक्षेत्र में शामिल है। आयोग विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करने के साथ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक ले रहा है। कितनी नई तहसीलें, जिले और संभाग बनाए जाएंगे, इसका निर्धारण रिपोर्ट में किया जाएगा।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts