PU Special :भोपाल के 6 साल के रिवांश ने बनाया इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम, 153 सेकंड में पहचाने 152 देशों के झंडे

भोपाल के 6 साल नौ महीने के रिवांश तिवारी ने 153 सेकंड में 152 देशों के झंडे पहचानकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया। मां ने 6 महीने तक अभ्यास कराया।
भोपाल के 6 साल के रिवांश ने बनाया इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम, 153 सेकंड में पहचाने 152 देशों के झंडे
6 साल के रिवांश ने बनाया इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम

रामचन्द्र पाण्डेय, भोपाल। छोटी उम्र में ही अपनी याददाश्त और मेहनत के दम पर भोपाल के 6 साल नौ महीने के रिवांश तिवारी ने खास उपलब्धि हासिल की है। पहली कक्षा में पढ़ने वाले रिवांश ने महज 153 सेकंड यानी 2 मिनट 33 सेकंड में 152 देशों के राष्ट्रीय ध्वज पहचानकर उनके नाम बता दिए। उनकी इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। रिवांश की इस सफलता के पीछे खेल-खेल में शुरू हुई देशों के बारे में जानने की दिलचस्पी और उनकी मां शैली तिवारी की 6 महीने की लगातार मेहनत है।

वर्ल्ड मैप के खिलौने से शुरू हुआ सफर

रिवांश को बचपन से ही वर्ल्ड मैप और अलग-अलग देशों के नाम जानने में रुचि थी। वह वर्ल्ड मैप के खिलौने से खेलते हुए देशों के नाम बताने लगे थे। मां शैली तिवारी ने उनकी इस दिलचस्पी को पहचाना और इसे अभ्यास में बदलने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन देशों के झंडों वाला एक कैलेंडर मंगवाया। फिर झंडों के नाम टेप से ढंककर रिवांश को केवल झंडा देखकर देश पहचानने का अभ्यास कराया। शुरुआत में उन्हें 50 देशों के झंडे पहचानने का अभ्यास कराया गया। इसके बाद धीरे-धीरे यह संख्या 100 और फिर 152 तक पहुंच गई।

6 महीने तक टाइमर लगाकर किया अभ्यास

रिवांश की पहचानने की गति बढ़ाने के लिए मां रोज टाइमर लगाकर अभ्यास कराती थीं। करीब छह महीने की लगातार मेहनत के बाद रिवांश 152 देशों के झंडों को 2 मिनट 33 से 35 सेकंड में पहचानने लगे। इसके बाद परिवार ने इस उपलब्धि को रिकॉर्ड के लिए भेजा। रिवांश के प्रदर्शन का वीडियो जांचा गया। 30 सितंबर 2026 को उनकी उपलब्धि की पुष्टि हुई और 16 अक्टूबर को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया गया।

गणित और ड्राइंग पसंद, बनना चाहते हैं कार डिजाइनर

रिवांश सागर पब्लिक स्कूल, द्वारका धाम में कक्षा पहली (सेक्शन बी) के विद्यार्थी हैं। उन्हें गणित और ड्राइंग में रुचि है। बड़े होकर वह कार डिजाइनर बनना चाहते हैं। उनका सपना ऐसी कार बनाने का है, जो हवाई जहाज की तरह उड़ सके। रिकॉर्ड बनाने के बाद अब रिवांश ने अपने लिए एक नया लक्ष्य तय किया है। वह पुलअप बार पर उल्टा लटककर 90 सेकंड में हनुमान चालीसा सुनाना चाहते हैं।

Featured News

मां बोलीं- बेटे के शौक को आगे बढ़ाने की कोशिश की

रिवांश की मां शैली तिवारी ने बताया कि बेटे को बचपन से ही वर्ल्ड मैप और देशों के नाम जानने में रुचि थी। उन्होंने इसी रुचि को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। रोज टाइमर लगाकर झंडों की पहचान का अभ्यास कराया। शुरुआत 50 देशों से हुई और धीरे-धीरे यह सफर 152 देशों तक पहुंच गया। छह महीने की मेहनत ने बेटे के शौक को रिकॉर्ड में बदल दिया।

बच्चों की प्रतिभा को सही दिशा देना जरूरी

सागर पब्लिक स्कूल, द्वारका धाम की प्राचार्य जयश्री इंदौरिया ने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही अलग-अलग रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना चाहिए। इससे उनकी छिपी प्रतिभा सामने आती है। रिवांश की उपलब्धि बताती है कि अभिभावकों और शिक्षकों के आपसी समन्वय, प्रोत्साहन और सही मार्गदर्शन से बच्चे अपनी क्षमता का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts