Pune Ketan Agarwal Murder Case :'केतन विग लगाता था, यह बात सिया को पहले से मालूम थी...' मृतक के पिता का खुलासा

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़ा एक नया पहलू सामने आया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने दावा किया कि शादी तय होने से पहले ही उन्होंने सिया गोयल के परिवार को यह बता दिया था कि उनका बेटा सिर पर छोटा-सा विग पैच इस्तेमाल करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी छोटी-सी बात किसी की हत्या का कारण बन सकती है। साथ ही उन्होंने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग भी की। विशाल केतन के हकलाने की बात पर उखड़ गए। उन्होंने कहा कि वह शादी के लिए मना कर सकती थी।
फास्ट ट्रैक सुनवाई और SIT जांच का भरोसा
विशाल अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। अग्रवाल परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है और जांच के जरिए पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस की जांच में क्या है दावा
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर परिवारों की बदनामी के डर से भागने के बजाय हत्या की साजिश रची। हालांकि अब तक पुलिस की किसी भी आधिकारिक जांच रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया है कि केतन के विग पैच या उससे जुड़ी किसी जानकारी का हत्या से कोई संबंध था। ऐसे में इस दावे की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
ट्रेक पर जाने को लेकर दोनों परिवारों के अलग-अलग दावे
केतन के पिता ने यह भी दावा किया कि लोहागढ़ ट्रेक पर जाने की इच्छा सिया गोयल की थी। दूसरी ओर, सिया की मां पूजा गोयल का बयान इससे बिल्कुल अलग है। उनका कहना है कि घटना से एक रात पहले हुई वीडियो कॉल और चैट में सिया ने साफ कहा था कि वह ट्रेक पर नहीं जाना चाहती थी, लेकिन केतन और उसकी मां उसे साथ चलने के लिए मना रहे थे। दोनों परिवारों के विरोधाभासी बयानों से मामला और उलझता जा रहा है।
सिया के भाई से भी हुई पूछताछ
मामले की जांच कर रही लोनावला पुलिस ने सिया गोयल के भाई साहिल गोयल को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक, उसे सिया और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते की जानकारी थी। पुलिस उसका बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना से पहले किन लोगों को मामले की जानकारी थी और उनकी भूमिका क्या रही।
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा चोरी केस : सामने आया राज, एसआईटी ने बताया आखिर कहां गईं दान में मिली चांदी की ईंटें
जांच पूरी होने के बाद साफ होगी तस्वीर
पुलिस का आरोप है कि पहले से बनाई गई योजना के तहत लोहागढ़ किले पर सिया गोयल ने कथित तौर पर संकेत दिया, जिसके बाद चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया। हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और अदालत में पेश होने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही होगी। फिलहाल एसआईटी और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जबकि दोनों परिवार अपने-अपने दावों पर कायम हैं।












