Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'छठी मइया मेरा बाबू लौटा दो...' छठी मइया से गुहार लगाती रही मां, 4 घंटे बाद तालाब से निकला 16 साल के गोलू का शव

बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारियों के बीच 16 साल का गोलू तालाब में डूब गया। दोस्तों के साथ रील बनाने पहुंचे किशोर का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। SDRF की टीम ने करीब 4 घंटे तक तलाश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। बेटे की मौत के बाद मां छठी मइया से गुहार लगाती रही।
'छठी मइया मेरा बाबू लौटा दो...' छठी मइया से गुहार लगाती रही मां, 4 घंटे बाद तालाब से निकला 16 साल के गोलू का शव
रील बनाने के चक्कर में गई 16 साल के गोलू की जान, बेटे के लिए तड़पती रही मांन

पटना। बिहार के समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 16 साल का गोलू दोस्तों के साथ रील बनाने के लिए तालाब के पास पहुंचा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। बेटे को खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह लगातार छठी मइया से अपने बेटे को वापस लौटाने की गुहार लगाती रही। इस घटना से परिवार के साथ पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

छठ पूजा की तैयारी के बीच हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर में छठ पूजा के पहले दिन यह घटना हुई। गोलू के घर के पास स्थित BBR कॉलेज में छठ पूजा के लिए तालाब तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान 16 साल का गोलू अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि गोलू वहां सोशल मीडिया के लिए रील बना रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब के गहरे पानी में गिर गया। पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा।

दोस्तों ने परिवार को दी हादसे की खबर

गोलू को तालाब में डूबता देखकर उसके दोस्तों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत उसके परिवार को इस घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही मां और परिवार के दूसरे सदस्य भागते हुए तालाब के पास पहुंचे। परिवार के लोग गोलू को बचाने की उम्मीद में परेशान होकर इधर-उधर मदद मांगने लगे। वहीं, मां अपने बेटे को सुरक्षित देखने के लिए लगातार छठी मइया से प्रार्थना करती रही। उसे उम्मीद थी कि छठी मइया कोई चमत्कार करेंगी और उसका बेटा सही-सलामत वापस आ जाएगा।

'छठी मइया, हमरा बाबू हमको लौटा दो...'

बेटे के तालाब में डूबने की खबर सुनकर मां पूरी तरह टूट गई। वह अपना आंचल फैलाकर छठी मइया से बेटे की जिंदगी बचाने की गुहार लगाती रही। मां बार-बार कह रही थी, 'छठी मइया, हमरा बाबू हमको लौटा दो, पूरी धरती आपका चमत्कार देखेगी।' वह लगातार छठी मइया के गीत गाती रही और अपने बेटे की सलामती के लिए प्रार्थना करती रही। मां की यह हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार के लोग भी यही उम्मीद कर रहे थे कि किसी तरह गोलू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाए। मां बार-बार कह रही थी कि उनके कोई बच्चा नहीं था। छठी मइया के आशीर्वाद से उन्हें बेटा मिला था। अब वह अपने बेटे को खोना नहीं चाहती थी। लेकिन उसकी तमाम कोशिशों और प्रार्थनाओं के बावजूद गोलू को बचाया नहीं जा सका।

4 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलने के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तालाब में बच्चे की तलाश शुरू की गई। रेस्क्यू टीम ने करीब 4 घंटे तक लगातार गोलू को खोजने की कोशिश की। काफी देर तक चले तलाशी अभियान के बाद आखिरकार गोलू का शव तालाब से बाहर निकाला गया। बेटे को सुरक्षित देखने की उम्मीद लगाए बैठी मां के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं थी। जैसे ही मां ने अपने बेटे का शव देखा, वह बेसुध हो गई। कुछ देर पहले तक जिस बेटे को बचाने के लिए वह छठी मइया से मन्नतें मांग रही थी, उसे इस हालत में देखकर परिवार के लोगों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई की। गोलू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक छाया हुआ है। जिस घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के लिए त्योहार की खुशियां पलभर में गहरे दुख में बदल गईं। 16 साल की उम्र में गोलू की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts