छिंदवाड़ा में जमीन विवाद को लेकर भाई ने भाई की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव थाना क्षेत्र के ग्राम बिजोरी के बिजवारा बर्रा में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दशनु इवती ने अपने भाई इतरलाल इवती पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में इतरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
खेत में हुआ विवाद, कुल्हाड़ी से किया हमला
घटना 13 नवंबर की दोपहर करीब 2:30 बजे धौड़ाघाट पहाड़ी के पास झारेलाल रोकसिया के खेत में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच जमीन और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर खेत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी धमकाया
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान इतरलाल खेत में गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसे जमीन पर पटककर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से इतरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी आरोपी ने धमकाया और फिर वहां से फरार हो गया।
वारदात के बाद गांव में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश और घटना के पीछे के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















