Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

स्कूल की छुट्टी के बाद ई-अटेंडेंस ने बढ़ाई शिक्षकों की परेशानी, नेटवर्क के चलते नहीं हुआ लॉगआउट

मध्यप्रदेश में ई-अटेंडेंस ऐप में तकनीकी और नेटवर्क समस्या के कारण कई शिक्षक शनिवार को लॉगआउट नहीं कर सके। लोक शिक्षण संचालनालय ने ऑटो लॉगआउट का संदेश जारी किया। शिक्षक संगठनों ने वेतन नहीं रोकने और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।
स्कूल की छुट्टी के बाद ई-अटेंडेंस ने बढ़ाई शिक्षकों की परेशानी, नेटवर्क के चलते नहीं हुआ लॉगआउट
मध्यप्रदेश में ई-अटेंडेंस ऐप ने फिर बढ़ाई शिक्षकों की परेशानी

भोपाल। मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए लागू ई-अटेंडेंस सिस्टम एक बार फिर परेशानी का कारण बन गया। शनिवार को स्कूलों में छुट्टी के समय शिक्षक जब मोबाइल ऐप के माध्यम से लॉगआउट करने लगे, तो उन्हें तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके चलते प्रदेश के कई शिक्षक निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति लॉगआउट नहीं कर सके। मामले की जानकारी मिलने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने संदेश जारी कर तकनीकी समस्या की जानकारी दी। विभाग की ओर से बताया गया कि शिक्षक ऐप में लॉगआउट नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जिन शिक्षकों ने ऐप पर लॉगइन किया है, वे स्वतः यानी ऑटो लॉगआउट हो जाएंगे।

कमजोर नेटवर्क के कारण नहीं हो सका लॉगआउट

शनिवार को प्रदेश के अनेक विद्यालयों में शिक्षक ऐप के जरिए लॉगआउट करने के दौरान नेटवर्क की समस्या सामने आई। कई स्कूलों में इंटरनेट नेटवर्क उपलब्ध नहीं था, जबकि कुछ स्थानों पर नेटवर्क बेहद कमजोर था। इसके कारण शिक्षक निर्धारित समय पर ऐप में अपनी उपस्थिति की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके। ई-अटेंडेंस सिस्टम में इस तरह की तकनीकी दिक्कतों के चलते शिक्षकों को अपनी उपस्थिति को लेकर चिंता का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से ऑटो लॉगआउट का संदेश जारी होने के बाद शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शिक्षकों ने वेतन नहीं रोकने और कार्रवाई नहीं करने की मांग की

इस मामले में शिक्षक संगठन ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि नेटवर्क या शिक्षक ऐप की तकनीकी समस्या के कारण लॉगआउट नहीं कर पाने वाले शिक्षकों की उपस्थिति को विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मान्य किया जाए। संगठन का कहना है कि तकनीकी खामी के लिए शिक्षकों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। ऐसे किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाए और न ही उसे अनुपस्थित मानकर कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

MP के 70 हजार शिक्षकों के एरियर्स पर फिर कानूनी लड़ाई, सरकार ने SC से मांगी राहत

नेटवर्क विहीन स्कूलों के लिए हो वैकल्पिक व्यवस्था

शिक्षक संगठन ने शिक्षक ऐप की तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग भी उठाई है। साथ ही जिन विद्यालयों में नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां उपस्थिति दर्ज करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि बार-बार होने वाली तकनीकी परेशानियों से शिक्षकों पर अनावश्यक मानसिक दबाव बनता है। विभाग को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे शिक्षक उपस्थिति संबंधी समस्याओं में उलझने के बजाय अपना ध्यान शिक्षण कार्य पर केंद्रित कर सकें।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts