Ketan Agarwal Murder:'अगर बेटी दोषी है तो उसे भी वही सजा मिले', केतन अग्रवाल हत्याकांड पर पहली बार बोले सिया गोयल के माता-पिता

पुणे। चर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के माता पिता ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी बात रखी है। बेटी की गिरफ्तारी और हत्या के आरोपों से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। सिया के पिता प्रवीण गोयल, जिन्हें हाल ही में दिल का दौरा पड़ा, ने अस्पताल से कहा कि अगर उनकी बेटी का अपराध अदालत में साबित होता है तो उसे भी कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं मां ने भी न्याय की मांग करते हुए अपनी बेटी के पक्ष में कोई नरमी नहीं दिखाई।
केतन हमारे लिए बेटे जैसा था
प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन अग्रवाल केवल होने वाले दामाद नहीं थे बल्कि परिवार के सदस्य बन चुके थे। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और सभी भविष्य को लेकर खुश थे। उनके मुताबिक केतन का व्यवहार बेहद अच्छा था और परिवार उनसे बहुत जुड़ चुका था। उन्होंने कहा कि इस घटना ने दोनों परिवारों की जिंदगी बदल दी है और आज भी उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि ऐसा कुछ हो सकता है।
बेटी के खिलाफ भी न्याय की मांग
सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि यदि अदालत में यह साबित हो जाता है कि उनकी बेटी ने अपराध किया है तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक मां होने के बावजूद वह न्याय के रास्ते में नहीं आएंगी। वहीं प्रवीण गोयल ने भी कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी वही सजा मिलनी चाहिए जिसकी वह हकदार है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि कानून जो फैसला करे, परिवार उसे स्वीकार करेगा।
ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case : सिया-चेतन ने तय किया था एक इशारा, जैसे ही वह....तब देना है धक्का
रिश्ते में परेशानी का नहीं चला पता
सिया के पिता ने बताया कि सगाई के बाद उनकी बेटी हमेशा खुश दिखाई देती थी। वह अक्सर केतन और उनके परिवार की तारीफ करती थी। उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि दोनों के रिश्ते में किसी तरह की परेशानी है। अगर किसी भी तरह का विवाद होता और इसकी जानकारी परिवार को मिलती, तो वे समय रहते हस्तक्षेप करते। उनका कहना है कि उन्हें कभी यह नहीं लगा कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी।
दूसरे रिश्ते की जानकारी नहीं थी
प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी के किसी दूसरे युवक के साथ संबंध होने की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी चेतन चौधरी को देखा तक नहीं था और न ही उसका नाम पहले सुना था। उनका कहना है कि अगर सिया को शादी को लेकर कोई परेशानी थी तो वह परिवार से खुलकर बात कर सकती थी।
शादी की तैयारियां जो रह गईं अधूरी
परिवार के अनुसार दोनों की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। उदयपुर में शादी की योजना बनाई गई थी, हालांकि परिवार ने उन खबरों का खंडन किया जिनमें शादी पर करोड़ों रुपये खर्च होने की बात कही जा रही थी। उन्होंने बताया कि शादी की सामान्य तैयारियां चल रही थीं और प्री-वेडिंग ट्रिप की भी योजना बनाई गई थी। परिवार ने इसके लिए खरीदारी भी शुरू कर दी थी और सभी इस नए रिश्ते को लेकर उत्साहित थे।
ये भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case : हर वक्त बिजी रहता था सिया का फोन, हमेशा रटती थी चेतन का नाम
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की गई। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस वारदात की साजिश उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर रची थी। आरोप है कि केतन को किले की खाई में धक्का देकर हत्या की गई। पुलिस का यह भी कहना है कि इससे पहले भी हत्या की कोशिश की गई थी लेकिन वह सफल नहीं हुई। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है। अंतिम फैसला अदालत में सुनवाई के आधार पर होगा।











