सीएम योगी का ऐलान, पूर्व सैनिकों को 50 लाख तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट; वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी

मेरठ। इस दौरान सीएम योगी ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। अब उन्हें 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी। इसके अलावा वीरता पुरस्कार की राशि भी दोगुनी की जाएगी।
पूर्व सैनिकों को 50 लाख तक की संपत्ति पर स्टांप ड्यूटी में छूट
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर वन रैंक-वन पेंशन योजना को लंबे समय तक लटकाए रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत सैनिकों के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को राहत देने की घोषणा की। अब 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर उन्हें स्टांप ड्यूटी में छूट मिलेगी। इससे पहले यह सुविधा केवल 20 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर मिलती थी। इसके साथ ही सीएम ने वीरता पुरस्कार की राशि दोगुनी करने का भी ऐलान किया।
ये भी पढ़ें: यूपी में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम होने का दावा, कार्यकर्ताओं से बोले सीएम योगी- एक महीने वोटर बनाने में जुट जाइए
पिछली सरकारों पर वन रैंक-वन पेंशन लटकाने का आरोप
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने दशकों तक वन रैंक-वन पेंशन (OROP) के फैसले को लटकाए रखा। उनके मुताबिक, पहले सैनिकों और शहीदों के परिवारों के सम्मान को प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत सैनिकों के सम्मान और उनके सामर्थ्य को सबसे ऊपर रख रहा है।
'सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश और समाज की तरक्की के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है। अगर सुरक्षा का वातावरण नहीं होगा तो विकास की रफ्तार भी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि सियाचिन की कड़ाके की ठंड हो या राजस्थान की तपती रेत, सैनिक हर मोर्चे पर देश की रक्षा के लिए खड़ा रहता है। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ उसकी वर्दी बदलती है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह गांव और समाज का मार्गदर्शक बनकर लोगों को प्रेरित करता रहता है।
'यूपी में करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार'
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है और यहां करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार रहता है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें करीब 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं। उन्होंने जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसे कई परिवार हैं, जिनमें दादा, पिता और फिर बेटे-बेटियों ने भी सेना की वर्दी पहनी है।
गाजीपुर का गहमर गांव बड़ी संख्या में जवान देने के लिए मशहूर
मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर और गाजीपुर के उन परिवारों का भी जिक्र किया, जहां पीढ़ियों से लोग सेना में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर का गहमर गांव बड़ी संख्या में जवान देने के लिए जाना जाता है। सीएम ने देश की रक्षा में अपना योगदान देने वाले सैनिकों और शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि मां भारती के वीर सपूतों का समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
मेरठ की पुरानी घटनाओं का जिक्र कर पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने मेरठ की पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2016 में कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक घटना हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक राजनीतिक दल के समर्थकों ने सलाम करने से इनकार करने पर उनकी पिटाई की थी। इसके अलावा 2013 में एलओसी पर शहीद हुए एक सैनिक के सम्मान में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमी और मेरठ में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक लड़की की हत्या का भी जिक्र किया।




















