Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर में राहुल गांधी के मंच पर पीएम मोदी की मिमिक्री के बाद पुलकित मणि का नोएडा शो रद्द, बोले- ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय’

इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री के बाद चर्चा में आए स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि का नोएडा शो रद्द हो गया। पुलकित मणि ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और बाद में ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है’ लिखा।
इंदौर में राहुल गांधी के मंच पर पीएम मोदी की मिमिक्री के बाद पुलकित मणि का नोएडा शो रद्द, बोले- ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय’
इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ पुलकित मणि।

स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि का नोएडा में रविवार शाम होने वाला कॉमेडी शो रद्द कर दिया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर-76 स्थित हाउस ऑफ एएमपी कॉमेडी क्लब में प्रस्तावित था। पुलकित मणि ने स्वयं सोशल मीडिया के जरिए शो रद्द होने की जानकारी दी। हालांकि, शो कैंसिल होने की सटीक वजह अभी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है।

सोशल मीडिया पोस्ट ने खींचा ध्यान 

शो रद्द होने की जानकारी देने के बाद पुलकित मणि ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘अब अंडरग्राउंड होने का समय आ गया है।’ उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर शो रद्द होने के कारणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। कुछ रिपोर्टों में शो रद्द होने के पीछे ‘अनपेक्षित परिस्थितियों’ का उल्लेख है, जबकि सटीक कारण की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम में की थी मिमिक्री 

पुलकित मणि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सुर्खियों में आए। कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के सामने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बोलने के अंदाज और सार्वजनिक कार्यक्रमों से जुड़े कुछ संदर्भों की हास्यपूर्ण मिमिक्री की थी। कार्यक्रम के वीडियो सामने आने के बाद यह प्रस्तुति सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, बोले- दिया जलाने के लिए पैसा है तो छात्राओं के हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?

भाजपा नेताओं ने जताई आपत्ति 

मिमिक्री से जुड़े वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम और उसमें हुई प्रस्तुति पर आपत्ति जताई। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से राहुल गांधी और कार्यक्रम की आलोचना की गई। अलग-अलग नेताओं ने इसे लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों में दी हैं। भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कहा कि राहुल गांधी ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता का उपहास और मजाक उड़ाया है। जबकि कांग्रेस नेता उदित राज ने  कहा कि मिमिक्री में गलत क्या है, यह तो लोकतंत्र में होता  है। बिहार के जदयू नेता श्याम रजक ने भी पीएम मोदी की मिमिक्री को गलत बताया है। 

‘हनी हू इज फनी’ नाम से भी पहचान

पुलकित मणि सोशल मीडिया पर ‘हनी हू इज फनी’ नाम से भी जाने जाते हैं। वे राजनीतिक व्यंग्य, मिमिक्री और सामाजिक विषयों पर कॉमेडी प्रस्तुतियों के लिए पहचाने जाते हैं। इंदौर के कार्यक्रम के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं और अब नोएडा शो रद्द होने से वे एक बार फिर चर्चा में हैं।

ये भी पढ़ें: ‘छात्रों की गूंज’ के बाद मध्यप्रदेश अध्यक्ष पटवारी का ऐलान:अब हर जिले में गूंजेगी छात्रों की आवाज

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts