Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

‘छात्रों की गूंज’ के बाद मध्यप्रदेश अध्यक्ष पटवारी का ऐलान:अब हर जिले में गूंजेगी छात्रों की आवाज

राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद जीतू पटवारी ने कहा- इंदौर से उठी छात्रों की आवाज अब प्रदेश के हर जिले तक पहुंचेगी; शिक्षा, रोजगार और छात्र हित के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
‘छात्रों की गूंज’ के बाद मध्यप्रदेश अध्यक्ष पटवारी का ऐलान:अब हर जिले में गूंजेगी छात्रों की आवाज

इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इंदौर में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंदौर में हुए कार्यक्रम ने छात्रों की समस्याओं को लेकर देश में नई बहस छेड़ दी है। पटवारी ने दावा किया कि कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी अप्रत्याशित रही और अब ‘छात्रों की गूंज’ की आवाज मध्यप्रदेश के हर जिले तक पहुंचाई जाएगी।पटवारी ने कहा, “इंदौर में कल इतिहास रच दिया है। छात्रों की समस्या को लेकर देश में एक नई बहस शुरू हुई है। जिस प्रकार युवा साथियों ने साथ दिया, वह अकल्पनीय था। सरकार को अब बहुत ताकत के साथ एक गूंज सुनाई दे रही है।”उन्होंने प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए। पटवारी ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने जो भी कार्रवाई की, वह किसी के इशारे पर हुई होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन को इस तरह की व्यवस्थाओं और धनराशि जमा कराने के नियमों पर भी ध्यान देना चाहिए।

 

‘छात्रों की गूंज’ अब हर जिले में

जीतू पटवारी ने घोषणा की कि कांग्रेस अब मध्यप्रदेश के हर जिले में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस के बैनर का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि छात्रों और अभिभावकों की भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।पटवारी के मुताबिक, कार्यक्रम का मुद्दा केवल एक दिन तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि सरकार केजी से पीजी तक शिक्षा की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाए और बच्चों को ऐसी शिक्षा मिले, जिससे उन्हें स्कूल स्तर से ही बेहतर दिशा मिल सके।

‘झूठ की गूंज’ वाले बयान पर पलटवार

मुख्यमंत्री और मंत्रियों की ओर से कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताए जाने पर पटवारी ने पलटवार किया। उन्होंने सवाल किया कि सरकार उन छात्रों को झूठा बता रही है, जिन्हें शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है?पटवारी ने भाजपा पर अहंकार का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अहंकार आगे चलकर पार्टी के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से शिक्षा व्यवस्था पर काम करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार को अब भी समय रहते छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

 

‘अंधभक्त और छात्र के बीच अंतर समझाया’

पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने कार्यक्रम में ‘अंधभक्त और छात्र’ के बीच का अंतर बताया। उन्होंने कहा कि यदि देश को अंधभक्ति से बचाना है तो पूरे प्रदेश को इस मुद्दे पर साथ आना होगा।उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सरकारी संपत्ति पर लगाए गए होर्डिंग को लेकर शहरवासियों से माफी भी मांगी।

मिमिक्री आर्टिस्ट के विवाद पर बोले पटवारी

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर उठे विवाद पर पटवारी ने कहा कि मिमिक्री कलाकार लोगों के मनोरंजन का माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या किसी का अपमान करना नहीं था।

दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव पर भी दिया जवाब

दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव के नतीजों को लेकर सवाल पूछे जाने पर पटवारी ने कहा कि कहीं भी चुनाव हो और उसका परिणाम कुछ भी आए, इसका यह अर्थ नहीं है कि मुद्दों को उठाना बंद कर दिया जाए।भाजपा की ओर से लगाए गए होर्डिंग को लेकर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे कांग्रेस का प्रचार ही हुआ। उन्होंने मालवा की कहावत का हवाला देते हुए भी भाजपा पर निशाना साधा।

मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर भी उठाए सवाल

कार्यक्रम में मंच पर आए छात्रों को लेकर पटवारी ने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि मंच पर मौजूद लोग वास्तव में छात्र थे या नहीं और छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए या नहीं।उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर चीन का उदाहरण देते हुए दावा किया कि चीन जितनी नौकरियां उपलब्ध करा रहा है, उसका एक प्रतिशत भी भारत में उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

महिला आरक्षण के सवाल पर पटवारी ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित विधेयक लाया जाता है तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी।प्रेस वार्ता के दौरान पटवारी ने शिक्षा, रोजगार, छात्र राजनीति और महिला आरक्षण सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि इंदौर के बाद ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts