भिण्ड में फैक्ट्रियों पर कांग्रेस का सवाल: स्थानीय युवाओं को 50% रोजगार देने के लिए 50 दिन का अल्टीमेटम

भिण्ड। भिण्ड की जमीन पर उद्योग स्थापित हुए, किसानों की जमीन औद्योगिक विकास के नाम पर ली गई। फैक्ट्रियों में उत्पादन और कारोबार लगातार बढ़ रहा है, लेकिन रोजगार की बारी आती है तो स्थानीय युवाओं को ही पीछे क्यों रखा जा रहा है? जिले के शिक्षित युवा नौकरी के लिए दूसरे शहरों में भटकें और उनके अपने जिले में संचालित उद्योगों में उन्हें पर्याप्त अवसर तक न मिलें, यह कैसी औद्योगिक नीति है?
इसी सवाल को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भिण्ड (ग्रामीण) ने मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए स्थानीय रोजगार, प्रदूषण और औद्योगिक अनियमितताओं का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया है।
कांग्रेस ने सरकार और जिला प्रशासन को 50 दिन का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो युवाओं, किसानों और ग्रामीणों को साथ लेकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
50 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को मिले
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि मालनपुर सहित जिले के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित फैक्ट्रियों में कम से कम 50 प्रतिशत रोजगार भिण्ड जिले के स्थानीय युवाओं को दिया जाना चाहिए।
जब उद्योग इसी जिले की जमीन और संसाधनों पर संचालित हो रहे हैं तो उनके विकास का लाभ भी यहां के लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जिले के हजारों शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए इन औद्योगिक इकाइयों में रोजगार के अवसर सुनिश्चित क्यों नहीं किए जा रहे हैं? स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देना उद्योगों और प्रशासन की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
प्रदूषण से खेती और पशुधन पर असर की शिकायत
बघेल ने मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकलने वाले गंदे पानी और प्रदूषण को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि क्षेत्र में खेती और पशुधन पर पड़ रहे कथित दुष्प्रभावों की अनदेखी नहीं की जा सकती।
बघेल ने मांग की कि फैक्ट्रियों से निकलने वाले अपशिष्ट, गंदे पानी के निस्तारण और पर्यावरण संबंधी नियमों के पालन की जांच कराई जाए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करे, ताकि ग्रामीणों और किसानों की शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण हो सके।
नोवा फैक्ट्री की शिकायतों पर भी घेरा
प्रेस वार्ता में एस्ट्रेलिग एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड (नोवा फैक्ट्री) को लेकर सामने आई खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और अन्य अनियमितताओं संबंधी शिकायतों का मुद्दा भी उठाया गया। बघेल ने खाद्य सुरक्षा विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और औद्योगिक नियमों के पालन से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जांच में जो भी अनियमितताएं सामने आएं, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
भिंड में कलेक्टर के आदेश पर 2 साल से अमल नहीं, विवादित जमीन पर अब भी निजी गतिविधियां जारी
मुख्यमंत्री को ज्ञापन, फिर भी कार्रवाई नहीं
बघेल ने बताया कि स्थानीय युवाओं को औद्योगिक इकाइयों में 50 प्रतिशत रोजगार देने की मांग को लेकर एक माह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि केवल आश्वासन से बेरोजगार युवाओं की समस्या का समाधान नहीं होगा।
सरकार और जिला प्रशासन को अब 50 दिन का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में स्थानीय रोजगार सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस पहल, प्रदूषण की जांच, प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को राहत तथा संबंधित फैक्ट्रियों की शिकायतों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
50 दिन बाद सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कांग्रेस कमेटी इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाएगी। युवाओं, किसानों और ग्रामीणों को एकजुट कर व्यापक लोकतांत्रिक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उद्योगों के विकास के खिलाफ नहीं है, बल्कि चाहती है कि औद्योगिक विकास का वास्तविक लाभ स्थानीय आबादी को मिले।
उद्योगों को उत्पादन और मुनाफे के साथ स्थानीय रोजगार तथा पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। भिण्ड की जमीन पर उद्योग चलें और भिण्ड का युवा रोजगार के लिए भटकता रहे, यह स्थिति अब स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, संगठन महासचिव महेश जाटव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बाबूराम जामौर, मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप गोयल, सेवादल ग्रामीण जिलाध्यक्ष सोमवीर यादव, अरविंद यादव हैवदपुरा, अंजना कुशवाहा, विवेक जामौर, प्रमोद बघेल, संदीप बघेल तथा छात्र नेता वेदांशु त्रिपाठी उर्फ यश सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




















