राहुल गांधी ने सरकार को घेरा, बोले- दिया जलाने के लिए पैसा है तो छात्राओं के हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इंदौर की एक छात्रा की समस्या साझा की। उन्होंने कहा कि हॉस्टल नहीं होने से छात्राओं को पीजी में रहना पड़ता है और किराए का बोझ उठाना पड़ता है। राहुल ने दावा किया कि आवास की परेशानी के कारण कई छात्राएं पढ़ाई तक छोड़ देती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रा के सवाल का जवाब देने की मांग की।
दिया जलाने के लिए पैसा, हॉस्टल के लिए क्यों नहीं?
राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इंदौर में एक छात्रा ने उनसे पूछा कि सरकार के पास दिया जलाने के लिए पैसा है, लेकिन छात्राओं के हॉस्टल के लिए क्यों नहीं। राहुल के मुताबिक, छात्रा गांव से पढ़ाई करने शहर आई है, लेकिन हॉस्टल की सुविधा नहीं होने के कारण उसे पीजी में रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रहने के लिए परिवारों को बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है।
किराए की चिंता के बीच पढ़ाई
राहुल गांधी ने छात्राओं की आर्थिक परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि हर महीने किराए की चिंता और बेघर होने का डर पढ़ाई पर भी असर डालता है। उन्होंने कहा कि रहने की जगह की समस्या के चलते कई लड़कियां अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। राहुल ने यह भी कहा कि छात्राओं के लिए मिलने वाला आवास भत्ता महंगाई के हिसाब से नहीं बढ़ता और उन्होंने इसमें भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया।
ये भी पढ़ें: पुरानी रंजिश में दोस्त की हत्या, चलती बाइक पर सिर से सटाकर मारी गोली
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से मांगा जवाब
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए पूछा कि इंदौर की उस छात्रा के सवाल का उनके पास क्या जवाब है। उन्होंने छात्राओं के सुरक्षित आवास को पढ़ाई से जुड़ा अहम मुद्दा बताया। राहुल ने कहा कि शहरों में पढ़ने आने वाली छात्राओं के लिए हॉस्टल की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से उनके सामने रहने और सुरक्षा दोनों की चिंता बनी रहती है।
'युवा देश के भविष्य हैं'
इंदौर के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि छात्रों का सबसे बड़ा गुण सवाल पूछना है और वे स्वाभाविक रूप से जिज्ञासु होते हैं। उनके मुताबिक, छात्र अलग-अलग विषयों पर सवाल करते हैं और यही सवाल व्यवस्था से जवाब मांगने का जरिया बनते हैं।
युवाओं के भविष्य पर रखी बात
राहुल गांधी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और युवाओं के बिना कोई भी देश मजबूत नहीं बन सकता। उन्होंने छात्रों के बीच मानवता, आपसी सम्मान और एक-दूसरे के साथ प्रेम से व्यवहार करने की बात कही। राहुल ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर व्यवस्था को उनकी समस्याओं और सवालों पर ध्यान देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: डिवाइडर से टकराते ही धू-धू कर जली कार, जिंदा जले मशहूर न्यूरोसर्जन, VIDEO आया सामने
इंदौर में छात्रों से किया संवाद
राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां छात्रों ने शिक्षा, भर्ती परीक्षा, छात्रवृत्ति और हॉस्टल से जुड़ी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी ने छात्रा की हॉस्टल से जुड़ी परेशानी को सोशल मीडिया पर साझा किया और इसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया।




















