इंग्लैंड में मैच के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेटर गिरफ्तार : हैदर अली पर रेप का आरोप, पासपोर्ट जब्त; PCB ने किया सस्पेंड

Follow on Google News
इंग्लैंड में मैच के दौरान पाकिस्तानी क्रिकेटर गिरफ्तार : हैदर अली पर रेप का आरोप, पासपोर्ट जब्त; PCB ने किया सस्पेंड
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट टीम से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। युवा बल्लेबाज हैदर अली को इंग्लैंड में रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला 3 अगस्त 2025 का है, लेकिन जानकारी अब सामने आई है।

    24 साल के हैदर अली, जो पाकिस्तान ए (शाहीन) टीम का हिस्सा हैं, उस दिन कैंटरबरी के मैदान पर मेलबर्न क्रिकेट क्लब के खिलाफ मैच खेल रहे थे। तभी ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस मैदान में पहुंची और उन्हें सबके सामने गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस जांच और जमानत पर रिहाई

    पुलिस के मुताबिक, रेप की यह घटना 23 जुलाई 2025 को मैनचेस्टर में हुई थी। इसके बाद 3 अगस्त को उन्हें गिरफ्तार किया गया। हैदर को कुछ देर पूछताछ के बाद जमानत दे दी गई, लेकिन उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है ताकि वह यूके से बाहर न जा सकें।

    PCB ने किया सस्पेंड

    इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने हैदर अली को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। बोर्ड के प्रवक्ता ने कहा- "हमने घटना की जानकारी मिलते ही हैदर को जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया है। बोर्ड इंग्लैंड में अपनी स्वतंत्र जांच करेगा और जरूरत पड़ने पर हैदर को कानूनी मदद भी दी जाएगी।"

    शिकायतकर्ता भी पाकिस्तानी मूल की महिला

    टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, जिस महिला ने हैदर अली पर रेप का आरोप लगाया है, वह भी पाकिस्तानी मूल की है। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आरोपी को दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है।

    UK से लौट चुकी है टीम

    पाकिस्तान ए टीम 17 जुलाई से 6 अगस्त तक UK दौरे पर थी। टीम के अधिकतर खिलाड़ी 6 अगस्त को वापस लौट चुके हैं, लेकिन हैदर अली पासपोर्ट जब्त होने के कारण इंग्लैंड में ही फंसे हैं। टीम के कप्तान सऊद शकील निजी कारणों से दुबई में रुके हैं।

    खतरे में हैदर अली का करियर

    हैदर अली को एक समय पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य का सितारा माना जाता था। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 2 वनडे और 35 टी20 मैच खेले हैं। 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के यशस्वी जायसवाल के साथ उन्हें टॉप यंग टैलेंट माना गया था।

    लेकिन अब इस गंभीर मामले ने उनके अंतरराष्ट्रीय करियर पर बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। टी20 टीम के कोच माइक हेसन उन्हें वापसी का मौका देने की सोच रहे थे, लेकिन यह विवाद सबकुछ बदल सकता है।

    पहले भी विवादों में रहे हैं हैदर

    यह पहली बार नहीं है जब हैदर अली विवादों में फंसे हैं। 2021 में PSL के दौरान उन्होंने कोविड नियम तोड़े थे, जिसकी वजह से उन्हें इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरे से बाहर कर दिया गया था। अब एक और विवाद ने उनके करियर पर बड़ा असर डाल दिया है।

    कौन हैं हैदर अली?

    जन्म: 2 अक्टूबर 2000, अटक, पाकिस्तान

    उम्र: 24 साल

    स्टाइल: राइट हैंड मिडल-ऑर्डर बैटर

    टी20 इंटरनेशनल रन: 505 (35 मैच

    वनडे रन: 42 (2 मैच)

    फर्स्ट क्लास रन: 1797 रन, 5 शतक

    लिस्ट-A रन: 1996 रन, 2 शतक, 17 फिफ्टी

    T20 प्रोफेशनल रन: 3141 रन (164 मैच)

    ये भी पढ़ें: इंग्लैंड से लौटे शुभमन गिल को नया चैलेंज, दिलीप ट्रॉफी में मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts