पूर्वोत्तर भारत में हर पांच में से एक गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिला में विटामिन B1 की कमी, ICMR की स्टडी में खुलासा

हैदराबाद। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के पोषण को लेकर एक नई स्टडी में चिंता बढ़ाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पोषण संस्थान (ICMR-NIN) के शोधकर्ताओं के अध्ययन के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत के असम की बराक घाटी और त्रिपुरा के आसपास के जिलों में सर्वे की गई करीब हर पांच में से एक महिला में विटामिन B1 यानी थायमिन का स्तर सामान्य से कम पाया गया। अध्ययन में 20.1 प्रतिशत महिलाओं में थायमिन का स्तर कम मिला। इनमें 4.9 प्रतिशत महिलाएं थायमिन की कमी और 15.2 प्रतिशत महिलाएं सीमांत स्तर की स्थिति में थीं। शोधकर्ताओं ने मातृ पोषण में सुधार और जोखिम वाले क्षेत्रों में समय पर जांच व सप्लीमेंटेशन की जरूरत पर जोर दिया है।
1,083 महिलाओं पर किया गया अध्ययन
'री-इमर्जेंस ऑफ थायमिन डेफिशिएंसी अमंग प्रेग्नेंट एंड लैक्टेटिंग वुमेन इन नॉर्थईस्ट इंडिया' शीर्षक से यह अध्ययन Annals of the New York Academy of Sciences में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं ने 2023-24 के दौरान असम की बराक घाटी और त्रिपुरा के आसपास के जिलों के 120 गांवों में 1,083 गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को अध्ययन में शामिल किया। इन क्षेत्रों में पहले बेरीबेरी के मामले और संदिग्ध समूह सामने आ चुके थे। अध्ययन में महिलाओं के शरीर में थायमिन का स्तर जानने के लिए दो वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया गया। पहले तरीके में पूरे रक्त में थायमिन डाइफॉस्फेट (ThDP) की मात्रा मापी गई। दूसरे तरीके में एरिथ्रोसाइट ट्रांसकेटोलेज एक्टिवेशन कोएफिशिएंट (ETKAC) के जरिए शरीर में थायमिन की कार्यात्मक स्थिति का आकलन किया गया।
जांच में 20.1 से 20.6 प्रतिशत महिलाओं में कमी के संकेत
ThDP जांच के आधार पर 20.1 प्रतिशत महिलाओं में थायमिन का स्तर सामान्य से कम मिला। इनमें 4.9 प्रतिशत में स्पष्ट कमी और 15.2 प्रतिशत में सीमांत स्तर पाया गया। वहीं ETKAC जांच में 20.6 प्रतिशत महिलाओं की थायमिन स्थिति सामान्य से कम आंकी गई। इस जांच के अनुसार, 8.5 प्रतिशत महिलाओं में गंभीर कमी और 12.1 प्रतिशत में सीमांत कमी के संकेत मिले। अध्ययन में यह भी सामने आया कि स्तनपान कराने वाली महिलाओं की तुलना में गर्भवती महिलाओं में थायमिन का स्तर कम होने की समस्या अधिक थी। इससे गर्भावस्था के दौरान पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत सामने आई है।
चावल आधारित खानपान और भोजन तैयार करने की आदतें भी वजह
शोधकर्ताओं ने महिलाओं के खानपान और भोजन तैयार करने के तरीकों का भी अध्ययन किया। इसमें सामने आया कि ज्यादातर महिलाएं चावल आधारित भोजन करती थीं और उनके आहार में विविधता सीमित थी। अध्ययन के अनुसार कुछ खानपान संबंधी आदतों का थायमिन की कमी के बढ़े हुए जोखिम से संबंध पाया गया। इनमें लंबे समय तक रखा हुआ चावल खाना, पकाने से पहले चावल को बार-बार धोना, सुपारी का सेवन और नमक वाली चाय पीना शामिल हैं। इसके अलावा सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति भी थायमिन की कमी के बढ़े हुए जोखिम से जुड़ी मिली। अध्ययन का नेतृत्व करने वाले ICMR-NIN के वैज्ञानिक डॉ. महेश कुमार मुम्मादी ने बताया कि महिलाओं के भोजन में चावल की अधिकता और सीमित विविधता के साथ भोजन तैयार करने और सेवन की कुछ आदतें थायमिन की कमी से जुड़ी हो सकती हैं।
शरीर में ऊर्जा बनाने और तंत्रिका तंत्र के लिए जरूरी है विटामिन B1
थायमिन यानी विटामिन B1 शरीर के लिए आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व है। यह भोजन से ऊर्जा बनाने की प्रक्रिया और तंत्रिका तंत्र के सामान्य कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी गंभीर कमी से बेरीबेरी जैसी बीमारी हो सकती है, जो शरीर के विभिन्न अंगों को प्रभावित कर सकती है। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं में इसकी कमी मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बन सकती है। ICMR-NIN की निदेशक डॉ. भारती कुलकर्णी ने कहा कि अध्ययन के नतीजे बताते हैं कि एक ही तरह के भोजन पर निर्भरता और भोजन तैयार करने की कुछ आदतें शरीर में थायमिन की पर्याप्त मात्रा नहीं पहुंचने की वजह बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि मातृ पोषण कार्यक्रमों में आमतौर पर ध्यान दिए जाने वाले पोषक तत्वों के अलावा अन्य सूक्ष्म पोषक तत्वों पर भी ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने जोखिम वाले क्षेत्रों में भोजन में विविधता बढ़ाने, नियमित निगरानी और जरूरत के अनुसार समय पर सप्लीमेंट देने की सिफारिश की।
क्या आप भी छोटी-छोटी बातें भूल जाते हैं? शरीर में इस विटामिन की कमी हो सकती है वजह
1918 में बेरीबेरी की जांच के लिए हुई थी संस्थान की शुरुआत
इस अध्ययन का संबंध ICMR-NIN के ऐतिहासिक कार्य से भी है। संस्थान की शुरुआत 1918 में बेरीबेरी एनक्वायरी यूनिट के रूप में हुई थी। उस समय इसका उद्देश्य थायमिन की कमी और बेरीबेरी बीमारी की जांच करना था। आज भी संस्थान देश में पोषण से जुड़ी पुरानी और उभरती समस्याओं पर शोध कर रहा है।
सभी क्षेत्रों की महिलाओं पर लागू नहीं माने जा सकते नतीजे
शोधकर्ताओं ने अध्ययन की एक महत्वपूर्ण सीमा भी बताई है। यह शोध उन क्षेत्रों में किया गया जहां पहले बेरीबेरी के संदिग्ध मामले और समूह दर्ज किए गए थे। इसलिए इसके नतीजों को देश के दूसरे हिस्सों की सभी गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं पर लागू नहीं माना जा सकता।




















