Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

48 गेंदों में 135 रन, 13 छक्के! मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार ने मचाया तहलका

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रजत पाटीदार ने असम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए, जिसमें 13 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। 41 गेंदों में शतक पूरा कर पाटीदार ने अपना टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उनकी पारी से मध्य प्रदेश ने 250 रन बनाए।
48 गेंदों में 135 रन, 13 छक्के! मध्य प्रदेश के रजत पाटीदार ने मचाया तहलका
8 चौके और 13 छक्के... पाटीदार ने मचाया गदर! टी20 करियर का सबसे बड़ा स्कोर बनाया

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार ने बल्ले से ऐसा धमाका किया कि असम के गेंदबाज देखते रह गए। सोमवार (16 नवंबर) को खेले गए मुकाबले में पाटीदार ने महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 8 चौके और 13 छक्के शामिल रहे। यानी उन्होंने कुल 21 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। इस तूफानी पारी के दम पर मध्य प्रदेश ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

57 रन पर गिरे 3 विकेट, फिर पाटीदार ने संभाली पारी

न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप सी के इस मुकाबले में मध्य प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 7.4 ओवर में सिर्फ 57 रन के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान रजत पाटीदार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। इसके बाद उन्होंने शिवांग कुमार के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने पहले टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला और फिर असम के गेंदबाजों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

X Post

41 गेंदों में शतक, आखिरी ओवरों में बरसे छक्के

पाटीदार ने अपनी बल्लेबाजी का गियर ऐसा बदला कि असम के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो गया। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। शतक लगाने के बाद तो उनका बल्ला और तेजी से चलने लगा। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर शतक पूरा करने के बाद उन्होंने अगली सात गेंदों में 5 छक्के और एक चौका जड़ दिया। इस दौरान उन्होंने एक रन भी लिया। पाटीदार ने 48 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 281.25 रहा। दूसरी तरफ शिवांग कुमार ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 38 गेंदों में 61 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए सिर्फ 62 गेंदों में 153 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। इसी साझेदारी ने मध्य प्रदेश को 250 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

X Post

टी20 करियर का दूसरा शतक, अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

रजत पाटीदार के टी20 करियर का यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने IPL 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से खेलते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन बनाए थे। उस मैच में उन्होंने 54 गेंदों में 12 चौके और 7 छक्के लगाए थे। असम के खिलाफ 135 रनों की पारी अब टी20 क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर बन गई है। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन था।

लगातार शानदार फॉर्म में चल रहे हैं पाटीदार

33 साल के रजत पाटीदार पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले मैच में भी उन्होंने 29 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए थे। वहीं, रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए शुरुआती दो मुकाबलों में लगातार शतक लगाए हैं। इससे पहले भारत ए की ओर से ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पुडुचेरी में खेले गए तीन अनौपचारिक वनडे मैचों में भी उनका बल्ला चला था। उन्होंने पहले दो मुकाबलों में 53 और 67 रन बनाए थे, जबकि तीसरे मैच में 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। पाटीदार ने चोटों को संभालने के लिए आगामी एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 से अपना नाम वापस ले लिया था। अब उनकी इस धमाकेदार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह शानदार लय में हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts