छिंदवाड़ा में घर के आंगन में खेल रहे दो मासूम भाई-बहन को कार ने कुचला, दोनों की मौत, चालक गिरफ्तार

जुन्नारदेव /छिंदवाड़ा। सड़क पर वाहन चलाते समय महज एक पल की लापरवाही कितनी भयावह हो सकती है, इसका दर्दनाक उदाहरण सोमवार सुबह विकासखंड के ग्राम छिंदी कामथ गांव में देखने को मिला। सड़क किनारे स्थित घर के आंगन में खेल रहे दो मासूम भाई-बहन को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में 5 वर्षीय मिष्ठी यदुवंशी और 3 वर्षीय शिवाय यदुवंशी की मौत हो गई। दोनों बच्चे भाई दूज के मौके पर अपनी मां के साथ ननिहाल आए थे। त्योहार की खुशियां शुरू होने से पहले ही परिवार में मातम पसर गया।
कार ने अचानक बदली दिशा और आंगन में घुसी
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे ननिहाल के आंगन में खेल रहे थे। इसी दौरान रेलवे के नवेगांव स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर अश्विनी कुमार सोनी टाटा टियागो कार क्रमांक MP28 CB 4713 से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि कार अचानक विपरीत दिशा में मुड़ी और अनियंत्रित होकर सीधे घर के आंगन में जा घुसी। वहां खेल रहे दोनों बच्चे वाहन की चपेट में आ गए।
हिमाचल में इंदौर के बच्चों से भरे वाहन का एक्सीडेंट! टेंपो ट्रैवलर पलटा, 7 विद्यार्थी और शिक्षक घायल
एक पल की लापरवाही ने छीन ली दो जिंदगियां
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल जुन्नारदेव अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक परिवार के लिए यह हादसा हमेशा का दर्द बन गया।
चालकों के लिए हादसा बड़ी चेतावनी
यह घटना सवाल छोड़ गई है कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी भी असावधानी कितनी बड़ी कीमत वसूल सकती है। वाहन चालक को गति नियंत्रित रखने, अचानक दिशा बदलने से बचने और सड़क किनारे बसे घरों व लोगों की मौजूदगी को ध्यान में रखकर वाहन चलाने की जरूरत है। सड़क पर चालक की एक छोटी सी गलती किसी परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ सकती है।
सागर में भीषण एक्सीडेंट: चार्टर्ड बस और कार की जोरदार टक्कर, 4 लोगों की मौत
पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना पर जुन्नारदेव थाना प्रभारी जे मसराम व पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक अश्विनी कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की धाराओं में मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है। मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।




















