नेपाल से 600 किलोमीटर उड़कर हिमाचल पहुंचा दुर्लभ गिद्ध, कांगड़ा में 615 से ज्यादा घोंसले मिले; सेफ जोन घोषित करने की तैयारी

नेपाल के शुक्लाफांटा नेशनल पार्क से सैटेलाइट टैग लगा एक दुर्लभ सफेद पीठ वाला गिद्ध करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय कर कांगड़ा के पोंग डैम वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी पहुंच गया है। इस गिद्ध की यात्रा पर नेपाल से ही सैटेलाइट के जरिए नजर रखी जा रही थी। वहीं जिले में गिद्धों की बढ़ती संख्या और उनके घोंसलों में हुई वृद्धि को देखते हुए वन्यजीव विभाग कांगड़ा को गिद्धों के लिए आधिकारिक सेफ जोन घोषित करने की तैयारी कर रहा है। वन्यजीव विभाग के अनुसार, कांगड़ा जिले में अब तक गिद्धों के 615 से अधिक घोंसले दर्ज किए जा चुके हैं। वर्ष 2004-05 में इनकी संख्या महज 26 थी। करीब दो दशक में घोंसलों की संख्या में हुई यह वृद्धि गिद्धों की मौजूदगी और प्रजनन गतिविधियों में सुधार का संकेत है।
नेपाल से सैटेलाइट टैग लगाकर छोड़ा गया था गिद्ध
इस दुर्लभ गिद्ध को 16 मार्च 2026 को नेपाल के शुक्लाफांटा नेशनल पार्क में सैटेलाइट ट्रांसमीटर लगाया गया था। इसके बाद वन्यजीव विशेषज्ञ लगातार इसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। सैटेलाइट से मिले लोकेशन डेटा के आधार पर पता चला कि गिद्ध उत्तराखंड से होते हुए हिमाचल प्रदेश की ओर बढ़ा और करीब 600 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर कांगड़ा पहुंचा। 4 नवंबर को पक्षी विशेषज्ञ डॉ. माल्यश्री भट्टाचार्य ने इस गिद्ध को पोंग वेटलैंड में एक घोंसले पर देखा। उस समय वह अपने साथी गिद्ध के साथ मौजूद था। इस दृश्य के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस दुर्लभ पक्षी ने पोंग वेटलैंड में अपना ठिकाना बना लिया है और यहां घोंसला तैयार कर प्रजनन की गतिविधि शुरू कर सकता है।
20 साल में 26 से बढ़कर 615 हुए गिद्धों के घोंसले
कांगड़ा जिले में गिद्धों के घोंसलों की संख्या में हुई वृद्धि को संरक्षण के प्रयासों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वर्ष 2004-05 में यहां केवल 26 घोंसले दर्ज किए गए थे, जबकि अब इनकी संख्या 615 से अधिक हो चुकी है। इससे क्षेत्र में गिद्धों के लिए अनुकूल पर्यावास और प्रजनन की बेहतर स्थितियों का संकेत मिलता है। हमीरपुर सर्किल के मंडलीय वन अधिकारी (वन्यजीव) रेजिनाल्ड रॉयस्टन ए. ने बताया कि कांगड़ा गिद्धों के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यावास के रूप में उभर रहा है। जिले को गिद्धों के लिए आधिकारिक सेफ जोन घोषित करने की प्रक्रिया लगभग पूरी होने वाली है। उन्होंने नेपाल से आए सैटेलाइट टैग वाले गिद्ध की मौजूदगी को वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
विलुप्ति के कगार तक पहुंच चुकी है प्रजाति
सफेद पीठ वाला गिद्ध गंभीर रूप से संकटग्रस्त प्रजातियों में शामिल है। पिछले कई वर्षों में इसकी आबादी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में भी इस प्रजाति की स्थिति एक समय लगभग विलुप्ति के स्तर तक पहुंच गई थी। ऐसे में कांगड़ा में इसकी मौजूदगी और घोंसलों की बढ़ती संख्या संरक्षण के लिहाज से खास महत्व रखती है। कांगड़ा को गिद्धों का सेफ जोन घोषित किए जाने से यहां रहने वाले गिद्धों की सुरक्षा के उपाय मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, नेपाल से पहुंचे सैटेलाइट टैग वाले गिद्ध जैसे दूसरे क्षेत्रों से आने वाले पक्षियों को भी सुरक्षित पर्यावास मिल सकेगा।
बांधवगढ़ में गिद्धों की गिनती : गरुड़ ऐप से हर टीम की लाइव लोकेशन और डेटा पहुंचेगा कंट्रोल रूम
नेपाल में भी बने हैं गिद्धों के लिए सेफ जोन
वन अधिकारी रेजिनाल्ड रॉयस्टन के मुताबिक नेपाल में गिद्धों के संरक्षण के लिए कई सेफ जोन बनाए गए हैं। वहां से यह गिद्ध करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय कर कांगड़ा पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जिले में 615 से अधिक घोंसलों का मिलना गिद्धों की आबादी और प्रजनन गतिविधियों में सुधार को दर्शाता है। कांगड़ा को आधिकारिक सेफ जोन घोषित करने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।




















