Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

7 छक्के, 9 चौके और 282 का स्ट्राइक रेट! सूर्या की बल्लेबाजी ने गुजरात को किया बेहाल

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार यादव ने गुजरात के खिलाफ 29 गेंदों में 82 रन ठोककर तहलका मचा दिया। 9 चौके और 7 छक्कों वाली इस पारी से मुंबई ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। पहले मैच में भी सूर्या ने 60 रन बनाए थे। क्या इस तूफानी प्रदर्शन से टीम इंडिया में उनकी वापसी होगी?
7 छक्के, 9 चौके और 282 का स्ट्राइक रेट! सूर्या की बल्लेबाजी ने गुजरात को किया बेहाल
टीम इंडिया से बाहर हुए सूर्या का बल्ले से जवाब! 29 गेंदों में मचाया तहलका

भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव का बल्ला इन दिनों जमकर बोल रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्या ने गुजरात के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली कि गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 82 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई ने 200 से ज्यादा रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और गुजरात को 5 विकेट से हरा दिया। सोमवार (16 नवंबर) को खेले गए इस मुकाबले में सूर्या ने 9 चौके और 7 छक्के लगाए। यानी उनकी 82 रनों की पारी में 16 बाउंड्री शामिल रहीं। उनका स्ट्राइक रेट 282.76 का रहा। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एक बार फिर भारतीय टी20 टीम में वापसी के लिए अपना दावा मजबूत किया है।

पहले मैच में भी सूर्या ने मचाया था धमाल

सूर्यकुमार यादव ने इस टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में भी शानदार बल्लेबाजी की थी। हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने नाबाद 60 रन बनाकर मुंबई को जीत दिलाई थी। अब गुजरात के खिलाफ 82 रनों की पारी खेलकर उन्होंने लगातार दूसरे मैच में अपना दम दिखाया है। सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल के बाद से उन्होंने टीम इंडिया के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है। इसके बाद उन्हें टीम की कप्तानी से हटाए जाने के साथ टीम से भी बाहर कर दिया गया था। हालांकि, घरेलू टूर्नामेंट में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद जगा रहा है। फिलहाल टीम की टी20 कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास बताई गई है। सूर्या की इन पारियों ने दिखा दिया है कि वह बल्लेबाज के तौर पर अब भी टीम के लिए मजबूत दावेदार हैं।

X Post

ये भी पढ़ें: IPL 2027 के लिए टीमें 17 नवंबर को जारी करेंगी रिटेन और रिलीज लिस्ट, 10 करोड़ से ज्यादा वाले ये खिलाड़ी हो सकते हैं रिलीज

गुजरात ने बनाए थे 197 रन

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम 19.2 ओवर में 197 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आशुतोष शर्मा ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। उन्होंने 22 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौका और 5 छक्के लगाए। मुंबई की तरफ से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों ने 3-3 विकेट अपने नाम किए और गुजरात की पारी को 197 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

15.4 ओवर में मुंबई ने हासिल किया लक्ष्य

198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। सूर्यकुमार यादव ने आते ही गुजरात के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और महज 29 गेंदों में 82 रन बना दिए। वहीं सरफराज खान ने भी उनका अच्छा साथ दिया। सरफराज ने सिर्फ 17 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत मुंबई ने 15.4 ओवर में 5 विकेट खोकर 201 रन बना लिए। इस तरह टीम ने 4.2 ओवर बाकी रहते 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts