ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने के ताले काटने पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, 26 नवंबर को पहुंचकर मांगेंगे हिसाब

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर के खजाने से जुड़े विवाद पर भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने खजाने के पुराने ताले काटे जाने और अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों तक कक्ष खुला रहने की खबरों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का प्रमुख उद्देश्य भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्र होने वाले चंदे और मंदिरों में आने वाले चढ़ावे का पारदर्शी हिसाब सुनिश्चित करना है। उन्होंने घोषणा की कि 26 नवंबर को यात्रा के साथ ओरछा पहुंचकर रामराजा सरकार के दरबार में इस मामले का हिसाब मांगेंगे।
आखिर ताला काटने की क्या मजबूरी थी
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मंदिर के खजाने से जुड़ी खबरें पढ़कर वह व्यथित और आक्रोशित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि खजाने का ताला काटना पड़ा? वह भी बिना पूरी पारदर्शिता और सार्वजनिक जवाबदेही के। खजाने में क्या था, कितना था और अब कितना है, इसका पूरा हिसाब जनता के सामने क्यों नहीं रखा जा रहा है? उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति बहुत हो गई, अब उनके मंदिर और खजाने की रक्षा के लिए भी कदम उठाने चाहिए। यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और अर्पित संपत्ति की सुरक्षा का सवाल है।
दो नवंबर को ताले बदलने की खबरों से उठा विवाद
ओरछा मंदिर के शाही खजाने का विवाद तब सामने आया, जब दो नवंबर को खजाने के पुराने ताले काटे जाने और नए ताले लगाए जाने की खबरें प्रकाशित हुईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान करीब तीन घंटे तक खजाने का कक्ष खुला रहा। आरोप लगाए गए कि कार्रवाई की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई। इस मामले ने मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
ये भी पढ़ें: PU Special : सिंहस्थ से पहले MP के प्रमुख मंदिरों में बदलेगा मैनेजमेंट सिस्टम, दान-दर्शन से सुरक्षा तक होंगे सुधार
प्रशासन ने कहा, ताले तोड़ने की खबरें भ्रामक
विवाद बढ़ने के बाद निवाड़ी कलेक्टर जमुना भिड़े ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि खजाने के ताले तोड़ने या उनसे छेड़छाड़ किए जाने की खबरें भ्रामक हैं। प्रशासन के अनुसार, खजाने की संपत्ति के भौतिक सत्यापन की तैयारी के लिए कक्ष का निरीक्षण किया गया था। इसके लिए छह सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि निरीक्षण के दौरान किसी आभूषण या कीमती वस्तु को छुआ अथवा हटाया नहीं गया। श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही के कारण विस्तृत भौतिक सत्यापन फिलहाल टाल दिया गया है।
सूची, रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग
दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मंदिर के खजाने की पूरी सूची, पुराने और वर्तमान रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज तथा ताला काटने की कार्रवाई का संपूर्ण विवरण सार्वजनिक करने को कहा है। उनका कहना है कि गड़बड़ी या धन की हेराफेरी सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान के खजाने में हेराफेरी हुई है तो यह आस्था के साथ डकैती है। दिग्विजय सिंह ने दोहराया कि 26 नवंबर को ओरछा पहुंचकर वह रामराजा सरकार के चरणों में इस पूरे मामले का हिसाब मांगेंगे।
ये भी पढ़ें: राम नवमी 2026 : दुनिया का इकलौता मंदिर, जहां भगवान राम को पुलिस के जवान देते हैं सलामी




















