NEET UG 2026:काउंसलिंग का शेड्यूल जारी, 4 अगस्त से शुरू होगी पहली काउंसलिंग, जानें पूरी प्रक्रिया

NEET UG 2026 पास करने वाले लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने MBBS, BDS और अन्य स्नातक मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत पहले राउंड की काउंसलिंग 4 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर 2026 से होगी। MCC ने सभी मेडिकल कॉलेजों, राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों और संबंधित संस्थानों को तय समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
4 अगस्त से शुरू होगा पहला राउंड
एमसीसी के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा, केंद्रीय विश्वविद्यालयों और डीम्ड यूनिवर्सिटी की पहली काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स भर सकेंगे। सीट आवंटन के बाद चयनित छात्रों को 22 अगस्त तक संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना होगा। पहले राउंड में दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण चरण माना जाता है क्योंकि इसी में कई प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों की सीटें भर जाती हैं।
दूसरा और तीसरा राउंड कब होगा?
पहले चरण के बाद एमसीसी दूसरे और तीसरे राउंड की काउंसलिंग आयोजित करेगी।
दूसरा राउंड: 24 अगस्त से 2 सितंबर
तीसरा राउंड: 10 सितंबर से 18 सितंबर
जो छात्र पहले राउंड में सीट नहीं पा सकेंगे या बेहतर कॉलेज के लिए अपग्रेडेशन चाहते हैं, उन्हें इन राउंड में फिर से मौका मिलेगा।
स्ट्रे वैकेंसी राउंड भी होगा
अगर तीनों राउंड के बाद भी कुछ सीटें खाली रह जाती हैं, तो उन्हें भरने के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड आयोजित किया जाएगा। यह राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा। इस राउंड में सीट मिलने वाले छात्रों को 10 अक्टूबर तक कॉलेज में प्रवेश लेना होगा। इसके बाद मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।
स्टेट कोटा की काउंसलिंग अलग होगी
ऑल इंडिया कोटा के अलावा राज्य कोटा की सीटों के लिए भी अलग काउंसलिंग होगी। स्टेट कोटा का पहला राउंड 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इसमें सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 28 अगस्त तक एडमिशन लेना होगा।
CJP आंदोलन पर बनेगी फिल्म : 'The Accidental Cockroach Party' टाइटल हुआ रजिस्टर
स्टेट कोटा के सभी राउंड की तारीखें
राज्य काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है=
- पहला राउंड- 13 अगस्त से 22 अगस्त
- दूसरा राउंड- 31 अगस्त से 8 सितंबर
- तीसरा राउंड- 16 सितंबर से 26 सितंबर
- स्ट्रे वैकेंसी राउंड- 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर
राज्य सरकारें अपने-अपने मेडिकल कॉलेजों की सीटों के अनुसार इसी समय-सीमा में काउंसलिंग पूरी करेंगी।
8 सितंबर से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
एमसीसी ने साफ किया है कि 8 सितंबर 2026 से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। हालांकि इसके बाद भी यदि कुछ सीटें खाली रहती हैं, तो उन्हें भरने के लिए आगे के काउंसलिंग राउंड जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अधिकतम सीटों पर समय पर प्रवेश हो सके।
अब शनिवार और रविवार भी होंगे कार्य दिवस
काउंसलिंग प्रक्रिया समय पर पूरी हो, इसके लिए MCC ने बड़ा फैसला लिया है। समिति ने कहा है कि काउंसलिंग के दौरान शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश को भी कार्य दिवस माना जाएगा। इससे दस्तावेजों की जांच, सीट आवंटन और एडमिशन की प्रक्रिया में देरी नहीं होगी।
इस साल काउंसलिंग प्रक्रिया में हुए बड़े बदलाव
NEET UG 2026 की काउंसलिंग को पहले से ज्यादा आसान और पारदर्शी बनाने के लिए MCC ने कई नए बदलाव किए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य छात्रों को कम परेशानी में बेहतर सुविधा देना है।
अपग्रेडेशन वालों को बार-बार कॉलेज नहीं जाना होगा
पहले जिन छात्रों को सीट मिल जाती थी और वे बेहतर कॉलेज के लिए अपग्रेडेशन चुनते थे, उन्हें कई बार कॉलेज जाकर औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती थीं। अब ऐसा नहीं होगा। अगर किसी उम्मीदवार ने अपग्रेडेशन का विकल्प चुना है, तो उसकी सीट काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगी और उसे केवल औपचारिक प्रक्रिया के लिए बार-बार कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा।
अब ऑनलाइन दे सकेंगे इस्तीफा
MCC ने एक और बड़ी सुविधा शुरू की है। अगर कोई छात्र किसी कारण से अपनी आवंटित सीट छोड़ना चाहता है, तो अब उसे कॉलेज जाकर आवेदन देने की जरूरत नहीं होगी। उम्मीदवार निर्धारित नियमों के अनुसार एमसीसी पोर्टल पर ऑनलाइन इस्तीफा (Online Resignation) दे सकेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
NEET Protest: बिहार और असम सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने का किया ऐलान
NRI कोटे के छात्रों को भी मिली राहत
डीम्ड यूनिवर्सिटी में NRI कोटे के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के लिए भी नई सुविधा शुरू की गई है। अब उन्हें दस्तावेज जमा करने के लिए अलग से कॉलेज नहीं जाना होगा। वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे विदेश में रहने वाले अभिभावकों और छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
छात्रों के लिए क्यों अहम हैं ये बदलाव?
एमसीसी का कहना है कि इस बार किए गए बदलावों से पूरी प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, आसान और छात्र-अनुकूल बनेगी। ऑनलाइन सुविधाएं बढ़ने से उम्मीदवारों को बार-बार यात्रा नहीं करनी पड़ेगी और समय की भी बचत होगी। साथ ही पूरी काउंसलिंग तय समय के भीतर पूरी करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
क्या करें उम्मीदवार?
NEET UG 2026 में सफल हुए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे काउंसलिंग की सभी तारीखों पर नजर रखें। दस्तावेज पहले से तैयार रखें, समय पर चॉइस फिलिंग करें और सीट आवंटन के बाद निर्धारित तारीख के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।











