Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कंपनियों में बढ़ी हरित कौशल वाले कर्मचारियों की मांग, भारत में भर्ती में 31% बढ़ोतरी

कंपनियों में ऊर्जा बचाने, अपशिष्ट कम करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद करने वाले कर्मचारियों की मांग बढ़ रही है। लिंक्डइन की वैश्विक हरित कौशल रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, भारत में हरित कौशल वाले कर्मचारियों की भर्ती में 31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
कंपनियों में बढ़ी हरित कौशल वाले कर्मचारियों की मांग, भारत में भर्ती में 31% बढ़ोतरी
कंपनियों में बढ़ी हरित कौशल वाले कर्मचारियों की मांग

रिपोर्ट के अनुसार, देश के कार्यबल में हरित कौशल वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी भी 29 प्रतिशत बढ़ी है। युवा कर्मचारियों में हरित करियर को लेकर खास रुचि है, लेकिन इस क्षेत्र में नौकरी तलाशना उनके लिए चुनौती बना हुआ है।

पर्यावरण से जुड़े पदों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी भर्ती

लिंक्डइन की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में हरित कौशल वाले कर्मचारियों को ऐसे पदों पर भी नियुक्त किया जा रहा है, जिनका नाम पारंपरिक रूप से पर्यावरण से जुड़ा नहीं है। कंपनियां लागत घटाने, दक्षता बढ़ाने और पर्यावरण पर प्रभाव कम करने वाले कर्मचारियों की तलाश कर रही हैं। इसके लिए स्थिरता से जुड़ी टीमों के अलावा दूसरे विभागों में भी नियुक्तियां की जा रही हैं।

ये भी पढ़ें: ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको में बड़ी छंटनी: 9000 नौकरियां जाएंगी, AI और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर जोर

परिचालन को बेहतर बनाने वाले कर्मचारियों की मांग

लिंक्डइन की भारत में मानव संसाधन प्रमुख सुसैन मैथ्यू ने कहा कि हरित करियर की शुरुआत पर्यावरण से जुड़े पद से ही होना जरूरी नहीं है। नियोक्ता ऐसे कर्मचारियों को चाहते हैं, जो परिचालन को अधिक सुरक्षित, कम खर्चीला और दक्ष बना सकें। इसी वजह से कंपनियां अलग-अलग विभागों में हरित कौशल वाले कर्मचारियों को अवसर दे रही हैं।

जेन-जी कर्मचारियों में हरित करियर को लेकर रुचि

रिपोर्ट के अनुसार, युवा कर्मचारी हरित करियर में विशेष रुचि दिखा रहे हैं। सर्वेक्षण में शामिल जेन-जी पीढ़ी के आधे से अधिक कर्मचारी ऐसी नौकरी करना चाहते हैं, जो जलवायु परिवर्तन से निपटने या ऊर्जा बदलाव में योगदान दे। हालांकि, 35 प्रतिशत युवाओं ने कहा कि उन्हें हरित क्षेत्र में नौकरी तलाशने में परेशानी होती है। मिलेनियल्स पीढ़ी में यह आंकड़ा 17 प्रतिशत रहा।

उपयोगिता क्षेत्र में हरित कौशल वाले कर्मचारियों की सबसे ज्यादा भर्ती

रिपोर्ट के मुताबिक, हरित कौशल वाले कर्मचारियों की भर्ती में उपयोगिता क्षेत्र सबसे आगे रहा है। इस क्षेत्र में कुल भर्तियों में ऐसे कर्मचारियों की हिस्सेदारी 18 प्रतिशत रही। इसके बाद तेल, गैस एवं खनन क्षेत्र में 12 प्रतिशत और निर्माण क्षेत्र में 11 प्रतिशत भर्तियां हरित कौशल वाले कर्मचारियों की हुईं। आंकड़े बताते हैं कि अलग-अलग उद्योगों में ऐसे कर्मचारियों की भूमिका बढ़ रही है।

Breaking News

नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वालों की हिस्सेदारी बढ़ी

लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2021 के बाद से भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले लिंक्डइन सदस्यों की हिस्सेदारी 42 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, तेल एवं गैस क्षेत्र में काम करने वाले सदस्यों की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत घटी है। रिपोर्ट में विभिन्न देशों और उद्योगों में हरित कौशल के विकास, ऊर्जा क्षेत्र के कार्यबल में बदलाव और हरित करियर तक पहुंचने में आने वाली बाधाओं का विश्लेषण किया गया है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts