भिंड में सैंट्रो कार से शराब की 7 पेटियां जब्त, पुलिस ने 3.27 लाख का माल पकड़ा; संदेही की तलाश जारी

भिंड। अवैध शराब के परिवहन पर शिकंजा कसते हुए मेहगांव थाना पुलिस ने एक सैंट्रो कार से देशी और अंग्रेजी शराब की सात पेटियां जब्त की हैं। कार में रखी शराब की कुल मात्रा 59.58 लीटर है।पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल कार सहित करीब 3 लाख 27 हजार रुपए का माल जब्त किया है। मामले में एक संदेही की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध कार की तलाशी
पुलिस के अनुसार, मेहगांव थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में एक सैंट्रो कार खड़ी है, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार क्रमांक DL2CAD0263 का गेट खुलवाकर तलाशी ली गई तो उसके अंदर शराब की पेटियां मिलीं।
हरसूद में अवैध शराब के अड्डों पर पुलिस का छापा, जंगलों से 6 हजार लीटर महुआ लहान नष्ट
छह पेटी देशी, एक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
तलाशी के दौरान कार से छह पेटी देशी प्लेन मदिरा के 300 क्वार्टर बरामद हुए। इनकी कुल मात्रा 54 लीटर और अनुमानित कीमत 21 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा मैकडॉवेल्स नंबर-1 अंग्रेजी शराब की एक पेटी से 31 क्वार्टर मिले, जिनकी मात्रा 5.58 लीटर और कीमत करीब 6 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 331 क्वार्टर यानी 59.58 लीटर शराब जब्त की।
तीन लाख की कार भी जब्त, संदेही की तलाश
पुलिस ने करीब 27 हजार रुपए कीमत की शराब के साथ लगभग तीन लाख रुपए मूल्य की सैंट्रो कार भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 27 हजार रुपए बताई गई है। मौके पर आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर अवैध शराब परिवहन में संलिप्त एक संदेही का नाम सामने आया है। पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
भिंड में कलेक्टर के आदेश पर 2 साल से अमल नहीं, विवादित जमीन पर अब भी निजी गतिविधियां जारी
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी मेहगांव संजय कौच्छा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक लोकेंद्र सिंह तोमर, प्रदीप पचौरी, सत्येन्द्र शर्मा, आरक्षक अजय ओझा, मंगल बघेल और आरक्षक चालक शिवकुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















