राज्यसभा के सबसे अमीर सांसदों की लिस्ट में BRS के बंदी पार्थ सारधी टॉप पर, घोषित संपत्ति ₹5,300 करोड़ से ज्यादा

राज्यसभा सांसदों की संपत्ति को लेकर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तेलंगाना से भारत राष्ट्र समिति (BRS) के सांसद डॉ. बंदी पार्थ सारधी राज्यसभा के सबसे अमीर सांसद हैं। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में 5,300 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। वहीं, राज्यसभा के 229 सांसदों के हलफनामों के विश्लेषण में 97 सांसद ऐसे मिले हैं, जिनकी घोषित संपत्ति 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक है। ADR की यह रिपोर्ट 19 मार्च 2026 को जारी की गई थी। इसमें सांसदों की ओर से चुनाव के दौरान जमा कराए गए हलफनामों के आधार पर उनकी संपत्ति और अन्य जानकारियों का विश्लेषण किया गया है।
बंदी पार्थ सारधी के पास 5,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति
ADR की रिपोर्ट के अनुसार तेलंगाना से BRS सांसद डॉ. बंदी पार्थ सारधी की कुल घोषित संपत्ति 5,300.21 करोड़ रुपये है। इसमें 5,215.25 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति और करीब 84.95 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
इस सूची में दूसरे स्थान पर पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राजिंदर गुप्ता हैं। उनकी कुल घोषित संपत्ति 5,053.04 करोड़ रुपये है। इसमें करीब 4,437.29 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 615.74 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।
तीसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश से YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के सांसद Alla Ayodhya Rami Reddy हैं। उनकी कुल घोषित संपत्ति 2,577.75 करोड़ रुपये है। वहीं, तेलंगाना से कांग्रेस सांसद डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी 2,558.24 करोड़ रुपये की घोषित संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं।
10 करोड़ या उससे ज्यादा संपत्ति वाले 97 सांसद
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक विश्लेषण में शामिल 229 राज्यसभा सांसदों में से 97 यानी करीब 42 फीसदी सांसदों ने 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक की संपत्ति घोषित की है। वहीं, 40 सांसदों की संपत्ति 5 करोड़ से 10 करोड़ रुपये के बीच है। रिपोर्ट के अनुसार 69 सांसदों ने 1 करोड़ से 5 करोड़ रुपये के बीच संपत्ति घोषित की है। 17 सांसदों की संपत्ति 20 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच है, जबकि 6 सांसदों की घोषित संपत्ति 20 लाख रुपये से कम है।
AAP सांसदों की कुल संपत्ति सबसे ज्यादा
पार्टी के आधार पर कुल घोषित संपत्ति के आंकड़ों में आम आदमी पार्टी के सांसद सबसे आगे हैं। ADR के अनुसार 10 AAP सांसदों की कुल संपत्ति करीब 5,740 करोड़ रुपये है। इसके बाद BRS के 3 सांसदों की कुल घोषित संपत्ति 5,524 करोड़ रुपये है। YSRCP के 7 सांसदों की संपत्ति 3,658 करोड़ रुपये, कांग्रेस के 28 सांसदों की 3,601 करोड़ रुपये और BJP के 99 सांसदों की कुल संपत्ति करीब 2,800 करोड़ रुपये दर्ज की गई है।
तेलंगाना और पंजाब के सांसदों की संपत्ति सबसे ज्यादा
राज्यवार आंकड़ों में तेलंगाना के 7 सांसदों की कुल घोषित संपत्ति 8,310 करोड़ रुपये है। इस सूची में पंजाब दूसरे स्थान पर है, जहां के 7 सांसदों की कुल संपत्ति 5,729 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके बाद आंध्र प्रदेश के 11 सांसदों की कुल संपत्ति 3,998 करोड़ रुपये है। ADR की रिपोर्ट में इन आंकड़ों का आधार संबंधित सांसदों की ओर से चुनाव के समय दाखिल किए गए हलफनामे हैं।
हलफनामों में दी गई जानकारी पर आधारित है रिपोर्ट
ADR ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि यह विश्लेषण राज्यसभा सांसदों के चुनावी हलफनामों के आधार पर किया गया है। इसमें सांसदों की ओर से घोषित चल और अचल संपत्ति को शामिल किया गया है।




















