आजमगढ़ में निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर की शटरिंग गिरी, एक मजदूर की मौत

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सोमवार को निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। कन्धरापुर थाना क्षेत्र में भंवरनाथ चौराहे के पास मंदिर निर्माण के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। इसके मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के हायर सेंटर रेफर किया गया है। तीसरे मजदूर के हाथ में फ्रैक्चर हुआ था। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
छत का स्लैब डालने की तैयारी के दौरान ढही शटरिंग
जानकारी के मुताबिक भंवरनाथ चौराहे से फैजाबाद की ओर जाने वाले फोरलेन के किनारे खाटू श्याम मंदिर का निर्माण पिछले दो से तीन वर्षों से चल रहा था। सोमवार को मंदिर की छत पर स्लैब डालने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान अचानक शटरिंग ढह गई और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शटरिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
हादसे में घायल तीनों मजदूर आजमगढ़ के सठियांव के रहने वाले बताए गए हैं। मलबे में दबने से राजाराम चौहान की मौत हो गई। वहीं कमलेश चौहान के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। तीसरे मजदूर अरुण चौहान के हाथ में चोट और फ्रैक्चर हुआ। अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सा अधिकारी ने दी घायलों की जानकारी
मंडलीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि दो लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इनमें से एक की रास्ते में ही मृत्यु हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर थी। उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।




















