नाखूनों में दिखने वाला आधा चांद क्या बताता है? इसका हार्ट और किडनी की सेहत से है खास कनेक्शन, एक्सपर्ट से जानें

हम अक्सर नाखूनों को सिर्फ सुंदरता से जोड़कर देखते हैं, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार नाखून शरीर की सेहत के बारे में भी कई अहम संकेत देते हैं। नाखून के निचले हिस्से में दिखाई देने वाला सफेद रंग का आधा चांद, जिसे लुनुला कहा जाता है, सामान्य रूप से स्वस्थ नाखून का हिस्सा होता है। हालांकि कई बार इसके आकार, रंग या पूरी तरह गायब होने से शरीर में होने वाले कुछ बदलावों का संकेत मिल सकता है।
क्या होता है नाखून का आधा चांद?
लुनुला नाखून के बढ़ने वाले हिस्से का दिखाई देने वाला भाग है। यह आमतौर पर हाथों के अंगूठे के नाखून में सबसे साफ नजर आता है। कई बार इसे पैरो के नाखून में भी देखा जाता है। कुछ लोगों में यह सभी नाखूनों में दिखाई देता है, जबकि कुछ में बिल्कुल नहीं दिखता। केवल इसके न दिखने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति बीमार है।
हार्ट और किडनी की सेहत से क्या है संबंध?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पहले साफ दिखाई देने वाला आधा चांद अचानक गायब हो जाए, बहुत छोटा हो जाए या उसका रंग बदल जाए, तो यह शरीर में खून के संचार, पोषण की कमी या किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। कुछ मामलों में यह हृदय (हार्ट), किडनी, थायरॉयड, एनीमिया या लंबे समय से चल रही अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। हालांकि केवल नाखून देखकर किसी बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती। ऐसे में डॉक्टरों से सलाह लेना भी जरूरी होता है।
ये भी पढ़ें: क्या आप भी हैं ‘Chai Lover’ हर 2 घंटे में चाय पीने की आदत, सेहत को देती है ये दिक्कत
किन बदलावों पर ध्यान देना चाहिए?
अगर नाखूनों का आधा चांद अचानक गायब हो जाए, नाखून का रंग नीला, पीला या काला पड़ने लगे, नाखून बहुत कमजोर होकर टूटने लगें या उनमें गहरी रेखाएं दिखाई दें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर डॉक्टर से जांच कराना बेहतर होता है।
कब करें डॉक्टर से संपर्क?
यदि नाखूनों में बदलाव के साथ सांस फूलना, लगातार थकान, पैरों में सूजन, पेशाब से जुड़ी परेशानी, सीने में दर्द या बार-बार चक्कर आने जैसी समस्याएं भी हों, तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारी का पता शुरुआती चरण में लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: क्या इंसान कभी अमर हो पाएगा? नई रिसर्च में सामने आई उम्र की आखिरी सीमा
सेहतमंद नाखूनों के लिए अपनाएं ये आदतें
स्वस्थ और संतुलित आहार लें, जिसमें आयरन, प्रोटीन, बायोटिन और विटामिन-बी12 भरपूर मात्रा में हो। पर्याप्त पानी पिएं, धूम्रपान से बचें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें। साथ ही नाखूनों की साफ-सफाई का भी ध्यान रखें। नाखूनों में दिखने वाला आधा चांद केवल एक संकेत हो सकता है, लेकिन एसा कहना गलत होगा कि ये कोई बीमारी है, इसलिए ऐसे में सही कारण जानने के लिए डॉक्टर की सलाह और आवश्यक जांच सबसे जरूरी होती है।












