Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दिवाली की सफाई में बरतें सावधानी, वरना छींक-खांसी के साथ बिगड़ सकती है सेहत!

दिवाली से पहले घर की सफाई करना लगभग हर परिवार की तैयारी का हिस्सा होता है। अलमारी, पर्दे, पंखे और स्टोर रूम में जमा पुरानी धूल साफ करते समय कई लोग छींक, खांसी और सांस लेने में परेशानी महसूस करने लगते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, धूल में मौजूद छोटे कण और फफूंद इसके पीछे बड़ी वजह हो सकते हैं।
दिवाली की सफाई में बरतें सावधानी, वरना छींक-खांसी के साथ बिगड़ सकती है सेहत!
दिवाली सफाई में सेहत का रखें ध्यान

दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई का दौर शुरू हो जाता है। कोई अलमारी से पुराना सामान निकालता है, तो कोई पर्दों, पंखों और स्टोर रूम की सफाई में जुट जाता है। घर को चमकाने की इस तैयारी में अक्सर लोग अपनी सेहत का ध्यान रखना भूल जाते हैं। कई दिनों से जमा धूल साफ करते समय हवा में छोटे-छोटे कण फैल जाते हैं, जो सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। इसका असर खासकर उन लोगों पर ज्यादा पड़ता है, जिन्हें पहले से धूल या किसी दूसरी चीज से एलर्जी है। ऐसे में सफाई करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है।

सफाई करते ही क्यों आने लगती हैं छींक और खांसी?

घर के कोनों, पुराने पर्दों, फर्नीचर और अलमारियों में लंबे समय तक धूल जमा होती रहती है। इसमें डस्ट माइट्स यानी धूल में रहने वाले बेहद छोटे कीड़े और फफूंद के कण भी हो सकते हैं। जब हम सूखी झाड़ू लगाते हैं या पुराने सामान को झाड़ते हैं, तो ये कण हवा में फैल जाते हैं। सांस के साथ ये कण नाक और सांस की नलियों तक पहुंचकर एलर्जी पैदा कर सकते हैं। इससे नाक में खुजली, लगातार छींक, गले में खराश और खांसी जैसी परेशानी हो सकती है। कुछ लोगों में सांस की नलियों में सूजन आने से घरघराहट और सांस फूलने की समस्या भी होने लगती है।

बारिश के बाद घर में घुस रहे हैं बरसाती कीड़े? अपनाएं ये 5 आसान घरेलू उपाय

दिवाली की सफाई बनी महिला के लिए परेशानी

डॉक्टर पंक्ति भट्ट शाह ने सोशल मीडिया पर 38 साल की एक महिला का मामला साझा किया। महिला को बचपन से ही धूल से एलर्जी थी। दिवाली की सफाई के दौरान उसने एक ही दिन में पूरा घर साफ कर दिया। इस दौरान उसने मास्क भी नहीं पहना था। सफाई के बाद उसे छींक और खांसी शुरू हो गई। अगले कुछ दिनों में सांस लेने में परेशानी बढ़ने लगी। हालत इतनी बिगड़ी कि उसे चलने और रात में सोने तक में दिक्कत होने लगी। अस्पताल पहुंचने पर उसका ऑक्सीजन लेवल 85 प्रतिशत पाया गया। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में भर्ती कर ऑक्सीजन और दवाएं दीं। जांच में एलर्जी से जुड़ी ब्रोंकाइटिस की समस्या सामने आई।

सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

डॉक्टरों के मुताबिक, सफाई के दौरान धूल से बचना सबसे जरूरी है। इसके लिए घर की सफाई करते समय अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें। इससे हवा में मौजूद धूल के कई छोटे कणों को सांस के साथ अंदर जाने से रोकने में मदद मिलती है। पूरे घर की सफाई एक ही दिन में करने से बचें। काम को कुछ दिनों में बांट लें और एक बार में घर के किसी एक हिस्से की सफाई करें। इससे धूल के ज्यादा संपर्क में आने से बचा जा सकता है।

इस धनतेरस दरवाजे पर बनाएं फूलों की रंगोली, मेहमान भी पूछेंगे कहां से आया आइडिया

सूखे कपड़े की जगह अपनाएं यह तरीका

धूल साफ करने के लिए सूखे कपड़े या झाड़ू का इस्तेमाल करने से बचें। इनसे धूल हवा में ज्यादा फैलती है। इसकी जगह गीले कपड़े से फर्नीचर, अलमारी और दूसरी सतहों को साफ करें। वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अगर आपको पहले से धूल की एलर्जी, अस्थमा या सांस लेने से जुड़ी परेशानी है, तो सफाई शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें। सफाई के बाद सांस फूलने या घरघराहट जैसी परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज न करें। गंभीर सांस की तकलीफ होने पर तुरंत अस्पताल जाएं।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts