Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

प्यार चाहिए, लेकिन Commitment नहीं! ये कैसा रिलेशनशिप, ऐसे रिश्ते निभा रही है Gen Z

Gen Z Relationship: आज की युवा पीढ़ी रिश्तों में ज्यादा उम्मीदें रखने से क्यों बच रही है? क्या कम उम्मीदें रिश्तों में खुशियां बढ़ाती हैं या भावनात्मक दूरी पैदा करती हैं? समझिए Gen Z की नई सोच और प्यार को बेहतर तरीके से निभाने का नया रिलेशनशिप फॉर्मूला। और जानिए बदलती लाइफस्टाइल, सोशल मीडिया, आत्मनिर्भरता और पुराने अनुभवों का असर।
प्यार चाहिए, लेकिन Commitment नहीं! ये कैसा रिलेशनशिप, ऐसे रिश्ते निभा रही है Gen Z
पार्टनर से कम उम्मीदें, खुद से ज्यादा प्यार! Gen Z का नया रिलेशनशिप फॉर्मूला

रिश्तों में उम्मीदें रखना बिल्कुल आम बात है। चाहे रिश्ता दोस्ती का हो, परिवार का या प्यार का, हर इंसान अपने करीबियों से कुछ न कुछ उम्मीद जरूर रखता है। कोई चाहता है कि उसका पार्टनर उसे समय दे, उसकी बात समझे और मुश्किल समय में उसका साथ निभाए। लेकिन आज की युवा पीढ़ी यानी Gen Z के बीच रिश्तों को लेकर एक अलग सोच देखने को मिल रही है। अब कई युवा पार्टनर से बहुत ज्यादा उम्मीदें रखने के बजाय रिश्ते को अपने हिसाब से आगे बढ़ने देना पसंद कर रहे हैं। उनका मानना है कि जितनी कम उम्मीदें होंगी, निराशा होने की संभावना भी उतनी ही कम होगी। लेकिन क्या सच में कम उम्मीदें रखने से रिश्ते बेहतर बन सकते हैं? क्या यह प्यार में समझदारी है या फिर भावनाओं से खुद को दूर रखने का तरीका? आइए समझते हैं Gen Z के इस नए रिलेशनशिप ट्रेंड को।

हर छोटी बात पर पार्टनर से उम्मीद नहीं रखता Gen Z

इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि Gen Z को प्यार, परवाह और साथ की जरूरत नहीं है। फर्क सिर्फ इतना है कि आज के कई युवा रिश्तों में हर छोटी बात को लेकर परेशान नहीं होना चाहते। उदाहरण के लिए, अगर पार्टनर किसी मैसेज का तुरंत जवाब नहीं देता, अचानक मिलने का प्लान कैंसिल हो जाता है या किसी दिन साथ समय नहीं बिता पाता, तो वे हर बार इसे रिश्ते में परेशानी नहीं मानते। अगर किसी से बात करने का मन है या कोई पसंद आता है, तो वे खुद आगे बढ़कर बातचीत करना पसंद करते हैं। वे इस बात का इंतजार नहीं करते कि हमेशा सामने वाला ही पहल करे। उनके लिए रिश्ते में दोनों लोगों की अपनी जिंदगी, काम और निजी समय होना भी जरूरी है।

काम और पर्सनल लाइफ का दबाव भी बड़ी वजह

आज के युवा पढ़ाई, नौकरी, सोशल मीडिया और अपनी निजी जिंदगी के बीच काफी व्यस्त रहते हैं। ऐसे में वे रिश्ते को एक और जिम्मेदारी या दबाव नहीं बनाना चाहते। कई युवा मानते हैं कि उनकी खुशी पूरी तरह पार्टनर के व्यवहार पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। वे अपने दोस्तों, शौक, करियर और खुद के लिए भी समय निकालना चाहते हैं। इस सोच का एक अच्छा पहलू यह है कि इससे व्यक्ति अपनी पहचान बनाए रख सकता है। वह रिश्ते में रहते हुए भी अपनी पसंद और जरूरतों को महत्व देता है।

अकेले रहना और independent बनना भी बदल रहा है सोचने का तरीका

आज बहुत से युवा पढ़ाई या नौकरी के लिए अपने परिवार से दूर दूसरे शहरों में रहते हैं। ऐसे में उन्हें कम उम्र में ही अपने रोजमर्रा के फैसले खुद लेने पड़ते हैं। घर संभालने से लेकर पैसों का हिसाब रखने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने तक, वे धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनते हैं।  इसका असर उनके रिश्तों पर भी दिखाई देता है। वे अपनी हर जरूरत के लिए दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना चाहते। उन्हें लगता है कि पार्टनर का साथ अच्छा है, लेकिन अपनी खुशी और जिंदगी की जिम्मेदारी खुद लेना भी जरूरी है।

वेस्टर्न कल्चर और सोशल मीडिया का असर

Gen Z इंटरनेट और सोशल मीडिया के बीच बड़ी हुई है। हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों, वेब सीरीज और डिजिटल कंटेंट ने भी रिश्तों को देखने का उनका नजरिया बदला है। आज युवा दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रिश्तों के नए तरीके देखते हैं। वे पर्सनल स्पेस, आजादी, आपसी सहमति और बराबरी जैसी बातों को ज्यादा महत्व देने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई कंटेंट देखने को मिलते हैं, जिनमें बताया जाता है कि किसी रिश्ते में अपनी पहचान खोना सही नहीं है। हालांकि, हर ऑनलाइन सलाह को सही मानना भी ठीक नहीं है। असल जिंदगी में हर रिश्ता अलग होता है और उसे समझने के लिए दोनों लोगों के बीच बातचीत जरूरी है।

क्या कम उम्मीदें रखने से मिलता है ज्यादा Mantel piece?

रिश्तों में कम उम्मीदें रखने की एक वजह पुराने अनुभव भी हो सकते हैं। बार-बार निराशा मिलने, गलतफहमियां होने या रिश्ते टूटने के बाद कुछ युवा दोबारा भावनात्मक रूप से जुड़ने में समय लेते हैं। जुलाई 2026 में International Review of Sociology में प्रकाशित एक रिसर्च में भी Gen Z के कुछ युवाओं के बीच इस तरह की सोच पर चर्चा की गई। इसमें भावनात्मक रूप से जुड़ने की इच्छा होने के बावजूद अपनी भावनाएं जाहिर करने में समय लेने की स्थिति को 'इमोशनल सस्पेंशन' कहा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे में शामिल 84 प्रतिशत Gen Z डेटर्स ऐसे नए तरीके तलाश रहे हैं, जिनसे रिश्तों में गहरा भावनात्मक जुड़ाव बनाया जा सके। इससे पता चलता है कि युवा प्यार और रिश्तों से दूर नहीं जाना चाहते, बल्कि उन्हें समझने और निभाने का बेहतर तरीका खोज रहे हैं।

कम उम्मीदें रखना सही या अपनी जरूरतों को दबाना?

यहां एक बात समझना जरूरी है कि कम उम्मीदें रखने और अपनी जरूरतों को दबाने में बहुत फर्क होता है। हर समय पार्टनर से ध्यान मांगना जरूरी नहीं, लेकिन सम्मान, भरोसा और ईमानदारी की उम्मीद करना गलत भी नहीं है।

अगर आप किसी रिश्ते में हैं, तो इन बातों का ध्यान रख सकते हैं:

  • खुलकर बात करें: आपको किसी चीज से परेशानी है तो उसे मन में रखने के बजाय पार्टनर से बात करें।
  • पर्सनल स्पेस दें: दोनों को अपनी पसंद, दोस्तों और काम के लिए समय मिलना चाहिए।
  • खुद की खुशी को महत्व दें: अपनी पूरी खुशी को किसी एक व्यक्ति पर निर्भर न रखें।
  • सीमाएं तय करें: रिश्ते में क्या सही है और क्या गलत, इस पर दोनों की सहमति होनी चाहिए।
  • सम्मान और भरोसा बनाए रखें: कम उम्मीदों के नाम पर गलत व्यवहार को नजरअंदाज न करें।

आखिर क्या है Gen Z का नया रिलेशनशिप फॉर्मूला?

आज की युवा पीढ़ी रिश्तों में प्यार के साथ आजादी और अपनी पहचान को भी महत्व देना चाहती है। वह हर समय पार्टनर से जवाब, ध्यान या साथ की उम्मीद नहीं रखती। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे एक मजबूत और सच्चे रिश्ते की चाह नहीं है। असल में अच्छा रिश्ता वही है, जहां दोनों लोग एक-दूसरे को समझें, भरोसा करें और बिना किसी दबाव के साथ रहें। रिश्तों में कम उम्मीदें रखना अच्छी बात हो सकती है, लेकिन अपनी भावनाओं और जरूरतों को नजरअंदाज करना नहीं। शायद Gen Z के लिए प्यार का नया फॉर्मूला यही है कि हर छोटी बात पर उम्मीदों का बोझ न रखें, लेकिन सही इंसान से सम्मान, भरोसे और साथ की उम्मीद जरूर करें।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts