Elon Musk ने बताई 14 बच्चों की परवरिश की व्यवस्था, X पर पोस्ट का दिया जवाब; कहा- यही है मेरा पूरा शेड्यूल

बोका चिका (टेक्सास, अमेरिका)। टेक अरबपति एलन मस्क ने अपने 14 बच्चों की परवरिश और उनसे मिलने के कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में X पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि मस्क की को-पेरेंटिंग व्यवस्था किसी पारिवारिक कार्यक्रम के बजाय कॉर्पोरेट शेड्यूलिंग सिस्टम की तरह संचालित होती है। इस पोस्ट में बच्चों से मुलाकात के लिए नैनी, सहायकों और डिजिटल कैलेंडर के जरिए समय तय किए जाने की बात कही गई थी।
मस्क ने दावों को गलत बताया
हालांकि, एलन मस्क ने इन दावों को पूरी तरह सही नहीं बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पांच बडे बच्चे अब वयस्क हो चुके हैं और अपनी अलग जिंदगी जी रहे हैं। मस्क ने यह भी बताया कि वह अपने बच्चों से नियमित रूप से मिलते हैं। उनके मुताबिक, क्लेयर के साथ उनके बच्चों से मुलाकात हर दूसरे हफ्ते होती है, जबकि शिवोन जिलिस के साथ बच्चों से वह हर कुछ दिनों में मिलते हैं।
X पर पोस्ट में को-पेरेंटिंग को लेकर किया गया दावा
X यूजर 'स्पेस टूरिस्ट' (@spacetourist0) ने अपनी पोस्ट में एलन मस्क की पारिवारिक व्यवस्था को लेकर कई दावे किए थे। पोस्ट में कहा गया था कि बच्चों की देखभाल करने वाली नैनी और सहायकों के बीच आपसी तालमेल के जरिए मुलाकातों का कार्यक्रम तैयार किया जाता है। इसके लिए डिजिटल कैलेंडर और कैलेंडर इनवाइट का इस्तेमाल होता है, जिससे तय किया जाता है कि कौन सा बच्चा किस दिन अपने पिता से मिलेगा।
परिवार को भी कंपनी की तरह संभालते हैं
पोस्ट में दावा किया गया था कि चार महिलाओं से 14 बच्चों के पिता एलन मस्क अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी अपनी कंपनियों की तरह संभालते हैं। इसमें काम बांटने, समय निर्धारित करने और एक तय प्रक्रिया के अनुसार बच्चों से मुलाकात करने की व्यवस्था का जिक्र किया गया था। इस पोस्ट में आगे बताया गया कि मस्क के बच्चों को उनकी माताओं के आधार पर अलग-अलग समूहों में बांटा गया है। जस्टिन विल्सन के साथ उनके पांच बच्चों को एक समूह, ग्राइम्स के साथ तीन बच्चों को दूसरा और शिवोन जिलिस के साथ तीन बच्चों को तीसरा समूह बताया गया। इसके अलावा, एक ऐसी महिला के साथ उनके एक बच्चे का भी जिक्र किया गया जिसकी पहचान उस पोस्ट के अनुसार सार्वजनिक नहीं थी।
व्यवस्थाओं के एक कैलेंडर से भी तालमेल रहता है
पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि हर परिवार के बच्चों के लिए अलग नैनी टीम और अलग शेड्यूल है। इन सभी व्यवस्थाओं का एक केंद्रीय कैलेंडर से भी तालमेल रहता है। पोस्ट के मुताबिक एक ही पिता होने के बावजूद अलग-अलग परिवारों के बीच आपसी संपर्क सीमित है और सौतेले भाई-बहन एक साझा परिवार की तरह रहने के बजाय अलग-अलग माहौल में रहते हैं।
X पर बताया बच्चों से मिलने का शेड्यूल
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने इन दावों को गलत बताया। उन्होंने कहा- यह कई मायनों में गलत है। मेरे 5 बडे बच्चे अब वयस्क हैं और अपनी स्वतंत्र जिंदगी जी रहे हैं। मस्क ने अपनी पारिवारिक व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए आगे लिखा- मैं क्लेयर के साथ अपने बच्चों से हर दूसरे हफ्ते मिलता हूं और शिवोन के साथ अपने बच्चों से हर कुछ दिनों में मिलता हूं। बस यही पूरा शेड्यूल है। इस तरह मस्क ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताए गए विस्तृत शेड्यूल और अलग-अलग व्यवस्थाओं के दावों को खारिज करते हुए अपने बच्चों से मुलाकात की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की।
चार महिलाओं से एलन मस्क के 14 बच्चे
एलन मस्क के परिवार और बच्चों को लेकर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनकी चार महिलाओं से कुल 14 बच्चे हैं। इनमें उनकी पहली पत्नी और कनाडाई लेखिका जस्टिन विल्सन, संगीतकार ग्राइम्स (क्लेयर बाउचर), न्यूरालिंक की एग्जीक्यूटिव शिवोन जिलिस और कंजर्वेटिव इन्फ्लुएंसर एवं लेखिका एशले सेंट क्लेयर शामिल हैं।
कुछ ट्विन्स और ट्रिपलेट भी हैं
जस्टिन विल्सन के साथ मस्क के छह बच्चे हुए थे। इनमें उनका पहला बेटा नेवाडा भी शामिल था, जिसकी महज 10 हफ्ते की उम्र में मौत हो गई थी। वहीं, संगीतकार ग्राइम्स के साथ उनके तीन बच्चे हैं। न्यूरालिंक की एग्जीक्यूटिव शिवोन जिलिस के साथ उनके चार बच्चे हैं। इसके अलावा एशले सेंट क्लेयर के साथ उनका एक बेटा है। मस्क के बच्चों में जुडवां बच्चे और ट्रिपलेट्स यानी एक साथ जन्मे तीन बच्चे भी शामिल हैं। उनके कुछ बच्चों के नाम अपनी असामान्य स्पेलिंग के कारण भी चर्चा में रहे हैं।




















