CG NEWS:कोरबा मर्डर केस: बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार।

KORBA NEWS। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुरानी रंजिश ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली। रामसागर पारा में रविवार रात हुए खूनी संघर्ष के दौरान विवाद शांत कराने पहुंचे रवि यादव पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
रामसागर पारा में खूनी संघर्ष
कोरबा के रामसागर पारा क्षेत्र में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान विवाद को रोकने और समझाइश देने पहुंचे रवि यादव भी हमलावरों के निशाने पर आ गए।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में OTP सिस्टम खत्म: अब अंगूठे के निशान से ही मिलेगा राशन, फर्जीवाड़ा रोकने सरकार का बड़ा फैसला
बीच-बचाव करना पड़ा भारी, गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रवि यादव किसी पक्ष से सीधे तौर पर जुड़ा नहीं था। वह केवल विवाद शांत कराने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुख्य आरोपी सहित 7 गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र गंगवानी, उसके बेटे और पांच अन्य सहयोगियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं मुख्य आरोपी के बेटे की वास्तविक उम्र का पता लगाने के लिए मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: रिश्वत नहीं दी तो उपजाऊ जमीन को बना दिया बंजर! भारतमाला परियोजना में करोड़ों के मुआवजा फर्जीवाड़े का आरोप
एसपी के निर्देश पर रातभर चला ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में कोतवाली, सिविल लाइन, सीएसईबी और मानिकपुर चौकी की संयुक्त टीम ने रातभर कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस का बयान
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रामसागर पारा हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें: CG NEWS: अब पानी जितना खर्च, उतना टैक्स! रायपुर के 3 लाख घरों में लगेंगे वाटर मीटर
इलाके में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
सरेआम हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोगों का कहना है कि अपराधियों में कानून का डर लगातार कम होता जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।












