PlayBreaking News

IPL 2025 : चैंपियन RCB को मिले 20 करोड़, PBKS को 12.50 करोड़; साई सुदर्शन का रहा जलवा, चार अवॉर्ड किए अपने नाम, देखें पूरी लिस्ट

Follow on Google News
IPL 2025 : चैंपियन RCB को मिले 20 करोड़, PBKS को 12.50 करोड़; साई सुदर्शन का रहा जलवा, चार अवॉर्ड किए अपने नाम, देखें पूरी लिस्ट
स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक जीत के साथ हुआ। इस सीजन की फाइनल भिड़ंत में RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की। 18वें सीजन में RCB ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया, जबकि पंजाब को एक बार फिर खिताबी सूखे से गुजरना पड़ा।

RCB को पहली बार मिला खिताब, 20 करोड़ की इनामी राशि

बेंगलुरु की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ RCB को चमचमाती ट्रॉफी के अलावा 20 करोड़ रुपए की इनामी राशि दी गई। यह उनके लिए ऐतिहासिक क्षण था, क्योंकि पिछले कई सीजन में मजबूत प्रदर्शन के बावजूद टीम को खिताब नहीं मिल सका था। पंजाब किंग्स को उपविजेता बनने पर 12.5 करोड़ रुपए मिले। इस हार के साथ पंजाब के खिताब जीतने का इंतजार और भी लंबा हो गया।

मुंबई इंडियंस तीसरे और गुजरात टाइटंस चौथे स्थान पर

सीजन में मुंबई इंडियंस ने अच्छा प्रदर्शन कर तीसरे स्थान पर जगह बनाई, जिसके लिए उन्हें 7 करोड़ रुपए की इनामी राशि दी गई। वहीं, गुजरात टाइटंस चौथे स्थान पर रही और उन्हें 6.50 करोड़ रुपए मिले। चारों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में दर्शकों को शानदार मुकाबले देखने को दिए।

साई सुदर्शन का जलवा, ऑरेंज कैप समेत 4 बड़े अवॉर्ड अपने नाम

गुजरात टाइटंस के ओपनर साई सुदर्शन ने पूरे सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की। यही नहीं, उन्हें अल्टीमेट फैंटेसी प्लेयर ऑफ द सीजन, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और मोस्ट बाउंड्री (88 चौके) जैसे पुरस्कार भी मिले। इन चारों पुरस्कारों के साथ उन्हें कुल 40 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली। इस सीजन में सुदर्शन सबसे ज्यादा व्यक्तिगत अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी रहे।

प्रसिद्ध कृष्णा को पर्पल कैप, सूर्यकुमार यादव प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सीजन में सबसे ज्यादा 25 विकेट झटके और पर्पल कैप हासिल की। वहीं, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को ‘मोस्ट वेल्यूएबल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। सूर्यकुमार ने अपनी टीम के लिए कई अहम पारियां खेलीं और जिस कारण मैच मुंबई के पाले में आ सका।

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन

इस सीजन की सबसे दिलचस्प कहानी रही महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की, जिन्हें सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का खिताब मिला। उन्होंने अपने विस्फोटक अंदाज से सबका ध्यान खींचा। उन्हें यह पुरस्कार टाटा कर्व के रूप में प्रदान किया गया।

और किसे मिला पुरस्कार

लखनऊ सुपर जाएंट्स के निकोलस पूरन ने 40 छक्कों के साथ मोस्ट सिक्स हिटर ऑफ द सीजन का खिताब जीता। गुजरात के मोहम्मद सिराज को 115 डॉट बॉल डालने के लिए ग्रीन डॉट बॉल अवॉर्ड मिला। वहीं, हैदराबाद के कमिंदु मेंडिस को कैच ऑफ द सीजन के पुरस्कार से नवाजा गया।  
Wasif Khan
By Wasif Khan

फिलहाल जुलाई 2024 से पीपुल्स अपडेट में सब-एडिटर हूं। बीते 3 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हूं। 12वीं म...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts