PlayBreaking News

India-US ट्रेड डील पर संकट…! ट्रंप की टीम ने टाल दिया भारत दौरा, 25 अगस्त को दिल्ली में होनी थी छठे दौर की मीटिंग

Follow on Google News
India-US ट्रेड डील पर संकट…! ट्रंप की टीम ने टाल दिया भारत दौरा, 25 अगस्त को दिल्ली में होनी थी छठे दौर की मीटिंग
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    वॉशिंगटन डीसी। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर नई दिल्ली में 25 से 29 अगस्त तक होने वाली छठे दौर की बातचीत अब टल गई है। सूत्रों के मुताबिक, अमेरिकी व्यापारिक टीम का दौरा अब बाद की तारीख में तय किया जाएगा। इस फैसले से दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव पर और असर पड़ सकता है।

    अब तक पांच दौर पूरे, छठा दौर टला

    भारत और अमेरिका के बीच बीटीए को लेकर अब तक पांच दौर की बातचीत पूरी हो चुकी है। छठा दौर बेहद अहम माना जा रहा था, लेकिन अब इसके स्थगित होने से भारत को झटका लगा है। यही वह समय है जब अमेरिका ने भारत पर भारी-भरकम टैरिफ लगाने का ऐलान किया है।

    भारत पर 50% टैरिफ का बोझ

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 अगस्त को भारत पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का आदेश दिया था, जो 27 अगस्त से लागू होगा। इससे पहले 30 जुलाई को भी भारत पर 25% शुल्क लगाया गया था। इस तरह भारत पर कुल 50% टैरिफ लगने जा रहा है। अमेरिका ने यह कदम भारत के रूस से कच्चा तेल और रक्षा उपकरण खरीदने के विरोध में उठाया है।

    कृषि और डेयरी सेक्टर पर विवाद

    अमेरिका चाहता है कि उसे भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्रों में व्यापक बाजार तक पहुंच मिले। अमेरिका के डेयरी प्रोडक्ट्स जैसे दूध, पनीर और घी को भारत में आयात की अनुमति की मांग की जा रही है।

    भारत ने साफ कर दिया है कि वह किसानों और पशुपालकों के हितों से समझौता नहीं करेगा। सरकार का कहना है कि अमेरिकी उत्पादों से करोड़ों छोटे किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। साथ ही धार्मिक भावनाओं का भी मामला जुड़ा हुआ है क्योंकि अमेरिका में गायों को ऐसा चारा खिलाया जाता है जिसमें जानवरों की हड्डियों से बने एंजाइम (जैसे रैनेट) शामिल होते हैं।

    मोदी सरकार का रुख

    स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया था कि भारत अपने किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों की रक्षा करेगा। उन्होंने 'स्वदेशी' उत्पादों को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

    बढ़ता व्यापार, लेकिन रिश्तों में तनाव

    वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जुलाई 2025 के बीच भारत का अमेरिका को निर्यात 21.64% बढ़कर 33.53 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 12.33% बढ़कर 17.41 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इस अवधि में अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना रहा।

    हालांकि व्यापारिक आंकड़े सकारात्मक हैं, लेकिन टैरिफ विवाद और स्थगित हुई वार्ता से रिश्तों में तनाव और गहराने की आशंका है।

    2030 तक 500 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य

    भारत और अमेरिका का लक्ष्य है कि मौजूदा 191 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 2030 तक 500 अरब डॉलर तक पहुंचाया जाए। दोनों देश बीटीए के पहले चरण को सितंबर-अक्टूबर 2025 तक पूरा करने की योजना बना रहे हैं।

    ट्रंप-पुतिन बैठक का असर?

    अमेरिकी टीम की भारत यात्रा टलने की खबर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई बैठक के ठीक बाद सामने आई। माना जा रहा है कि रूस से भारत के गहरे ऊर्जा और रक्षा संबंधों ने अमेरिका को परेशान किया है, जो टैरिफ विवाद को और भड़का रहा है।

    ये भी पढ़ें: अलास्का समिट : ना सीजफायर, ना कोई डील... 3 घंटे चली बैठक, पुतिन ने ट्रंप को दिया रूस आने का न्योता

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts