बांग्लादेश में हिंदुओं पर कहर :सुनामगंज में बेरहमी से 19 वर्षीय जॉय महापात्रो की हत्या, पहले मारपीट की फिर जहर खिलाया

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा लगातार बढ़ रही है। सुनामगंज में 19 वर्षीय जॉय महापात्रो की हत्या के बाद नरसिंदी और जेसोर में भी हिंदुओं को निशाना बनाया गया। पिछले एक महीने में कई हिंदू युवकों, व्यापारियों और बुद्धिजीवियों की हत्या से देश में सुरक्षा और मानवाधिकारों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सुनामगंज में बेरहमी से 19 वर्षीय जॉय महापात्रो की हत्या, पहले मारपीट की फिर जहर खिलाया
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार (8 जनवरी 2026) को सुनामगंज जिले में 19 वर्षीय हिंदू युवक जॉय महापात्रो की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने पहले जॉय के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे जबरन जहर खिलाया गया।

    गंभीर हालत में जॉय को सिलहट एमएजी ओस्मानी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

    नरसिंदी जिले में मोनी चक्रवर्ती की हत्या

    इससे कुछ दिन पहले नरसिंदी जिले में भी एक हिंदू व्यक्ति की हत्या की गई थी। मंगलवार (6 जनवरी 2026) को पालाश उपजिला के चारसिंधुर बाजार इलाके में 40 वर्षीय मोनी चक्रवर्ती पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।

    जेसोर में हिंदू व्यवसायी को गोली मारकर हत्या

    मोनी चक्रवर्ती की हत्या से कुछ घंटे पहले ही जेसोर जिले में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक हिंदू व्यवसायी और अखबार के कार्यकारी संपादक की अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।

    केशबपुर में आइस फैक्ट्री संचालक की हत्या

    जेसोर के केशबपुर उपजिला में एक स्कूल शिक्षक के बेटे प्रताप की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रताप पिछले दो वर्षों से कोपालिया बाजार में आइस फैक्ट्री चला रहे थे। सोमवार (5 जनवरी 2026) की शाम कुछ लोगों ने उन्हें फैक्ट्री के बाहर बुलाया और फिर पास की एक गली में ले जाकर गोली मार दी।

    दीपू चंद्र दास की हत्या से शुरू हुआ सिलसिला

    बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं का यह सिलसिला 18 दिसंबर 2025 को शुरू हुआ था। मैमनसिंह जिले में कथित ईशनिंदा के आरोप में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास को कट्टरपंथी भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद उसके शव को पेड़ से लटकाकर आग लगा दी गई थी

    खोकन चंद्र दास को जिंदा जलाया गया

    इसी दौरान 50 वर्षीय हिंदू व्यापारी खोकन चंद्र दास पर भी बेरहमी से हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद तीन दिन इलाज चलने के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

    लगातार बढ़ रही चिंता

    लगातार हो रही इन घटनाओं से बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मानवाधिकार संगठनों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भी इन हत्याओं को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts