Raipur:IGKV पर हार्ड कॉपी पर रोक, पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल से आएंगे प्रश्नपत्र,7 अगस्त की परीक्षा भी रद्द

रायपुर: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक मामले ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विश्वविद्यालय ने 7 अगस्त को हुई बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा भी रद्द कर दी है। दोनों रद्द परीक्षाएं सितंबर के प्रथम सप्ताह में दोबारा आयोजित होंगी। साथ ही प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए हार्ड कॉपी भेजने की व्यवस्था खत्म कर पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी बढ़ाने और दोषी कॉलेज व छात्रों पर कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
पेपर लीक के बाद विश्वविद्यालय का बड़ा एक्शन
रायपुर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय IGKV में प्रश्नपत्र लीक मामले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने 7 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी परीक्षा को भी रद्द कर दिया है। पुलिस जांच के दौरान इस परीक्षा के प्रश्नपत्र के लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद विश्वविद्यालय ने यह निर्णय लिया।
7 अगस्त की परीक्षा भी रद्द, सितंबर में दोबारा एग्जाम
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। विश्वविद्यालय के अनुसार, रद्द की गई दोनों परीक्षाएं सितंबर के प्रथम सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएंगी। इससे पहले 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी विषय का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। पुलिस जांच के दौरान प्लांट पैथोलॉजी के प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग होने की जानकारी भी सामने आई।
यह भी पढ़ें: Raipur: राजधानी रायपुर में बारिश का कहर,सड़कें बनीं तालाब, जलनिकासी के दावों की खुली पोल
पेपर लीक का मास्टरमाइंड दुर्ग का प्रोफेसर!
एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में दुर्ग जिले के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर और पांच छात्रों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, दो छात्र अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
दुर्ग के कॉलेज को नोटिस, पर्यवेक्षकों पर भी कार्रवाई
प्रश्नपत्र की गोपनीयता सुनिश्चित नहीं कर पाने के मामले में भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग को नोटिस जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में लगाए गए पर्यवेक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, संबंधित कॉलेज के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पेपर लीक मामले में संलिप्त पाए गए छात्रों के खिलाफ भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला लिया गया है।
यह भी पढ़ें: Raipur: रायपुर में आस्था का सैलाब,कांवड़िए बने CM साय, भोलेनाथ का किया रुद्राभिषेक
अब हार्ड कॉपी नहीं, पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल से आएंगे पेपर
पेपर लीक की घटना के बाद विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने प्रश्नपत्र भेजने की व्यवस्था में तत्काल बदलाव किया है। अब संबंधित महाविद्यालयों को प्रश्नपत्र हार्ड कॉपी के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के जरिए भेजे जाएंगे। विश्वविद्यालय के मुताबिक, सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र संबंधित कॉलेज को सुबह 9:30 बजे ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रश्नपत्र के पहले से लीक होने की आशंका को कम किया जा सकेगा।
परीक्षा हॉल में बढ़ेंगे CCTV कैमरे
विश्वविद्यालय ने परीक्षा की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए परीक्षा विभाग तथा संबंधित महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। सोमवार को होने वाली परीक्षाएं भी नई व्यवस्था के तहत आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में होने वाली परीक्षाओं में गोपनीयता और पारदर्शिता मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी विचार कर रहा है।
यह भी पढ़ें: Raipur: PRA ग्रुप के हीरा कारोबारी पर फायरिंग मामले में बड़ा फैसला,अमन साहू समेत सभी 7 आरोपी हुए दोषमुक्त
छात्रों के भविष्य को लेकर सख्त हुआ विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों के सुरक्षित भविष्य के लिए परीक्षा प्रक्रिया में गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और सुरक्षा के स्तर को मजबूत किया जा रहा है।





















