Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Hurricane Melissa :इस साल का सबसे शक्तिशाली तूफान बना हरिकेन मेलिसा, 282 KMPH की रफ्तार से बढ़ रहा; जमैका में मचा कहर

Follow on Google News
इस साल का सबसे शक्तिशाली तूफान बना हरिकेन मेलिसा, 282 KMPH की रफ्तार से बढ़ रहा; जमैका में मचा कहर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    किंग्सटन/वॉशिंगटन डीसी। कैरेबियाई सागर में बना हरिकेन मेलिसा इस साल 2025 का सबसे ताकतवर तूफान बन गया है। यह कैरिबियाई देश जमैका की ओर बढ़ रहा है। यह फिलहाल कैटेगरी-5 स्तर पर पहुंच चुका है, जिसकी रफ्तार करीब 175 मील प्रति घंटा (282 किमी/घंटा) है। अमेरिकी मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, यह तूफान बेहद विनाशकारी और जानलेवा साबित हो सकता है। मेलिसा का असर अब जमैका, हैती, डोमिनिकन रिपब्लिक और क्यूबा तक फैल चुका है।

    तीन देशों में तबाही, जमैका में 3 की मौत

    मेलिसा ने अब तक जमैका में 3, जबकि हैती और डोमिनिकन रिपब्लिक में 4 लोगों की जान ले ली है। तेज हवाओं और लगातार बारिश से सैकड़ों घरों में पानी भर गया है। जमैका की राजधानी किंग्सटन और आसपास के तटीय इलाकों में बिजली ठप है, पेड़ उखड़ गए हैं और सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात हैं।

    सरकार ने जारी किए निकासी आदेश

    जमैका सरकार ने स्थिति को गंभीर बताते हुए राजधानी समेत कई जिलों में अनिवार्य निकासी आदेश जारी किए हैं। अब तक 881 राहत शिविर खोले गए हैं औक करीब हजारों लोग सुरक्षित ठिकानों पर शरण ले चुके हैं। जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने कहा कि, हर नागरिक घर के अंदर रहे, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, हम जल्द इस संकट से उबरेंगे।

    लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

    अमेरिका के नेशनल हरिकेन सेंटर (NHC) के अनुसार, मेलिसा से जमैका और आसपास के इलाकों में 40 इंच तक बारिश हो सकती है। तेज हवाएं और भारी वर्षा 13 फीट तक के ज्वारीय तूफान (Storm Surge) को जन्म दे सकती हैं। इससे भारी बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बहुत बढ़ गया है। 

    जलवायु परिवर्तन बना तूफान की ताकत का ईंधन

    मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि, मेलिसा की ताकत समुद्र के असामान्य रूप से गर्म तापमान की वजह से बढ़ी है। कैरेबियन सागर का तापमान इस समय सामान्य से 2.5°F ज्यादा दर्ज किया गया है। क्लाइमेट सेंट्रल की रिपोर्ट के अनुसार, इस गर्म पानी ने तूफान को वह ऊर्जा दी, जिससे इसकी गति 175 मील प्रति घंटे तक पहुंच गई, इसे इस साल का सबसे शक्तिशाली तूफान बनाता है।

    कहां-कहां मंडरा रहा खतरा

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, क्यूबा में मंगलवार रात से और बहामास व टर्क्स-केकोस द्वीपों में बुधवार से तूफानी हवाएं और मूसलाधार बारिश शुरू हो सकती हैं। कई तटीय क्षेत्रों में समुद्र के किनारे 8-10 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है।

    भारत में भी तूफान ‘मोंथा’ का खतरा

    भारत के पूर्वी तटीय इलाकों में चक्रवात मोंथा तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मंगलवार शाम तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। आंध्र, ओडिशा, पुदुचेरी, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में NDRF की 22 टीमें तैनात की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से बात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

    संकट में दुनिया की सबसे प्रीमियम कॉफी वाला देश

    कैरेबियाई द्वीप जमैका इस वक्त तूफान की चपेट में है। यह अपनी मशहूर ब्लू माउंटेन कॉफी के लिए जाना जाता है। यहां की कॉफी दुनिया की सबसे महंगी और बेहतरीन किस्मों में से एक मानी जाती है। अब वही इलाका, जो अपने खूबसूरत पहाड़ों और कॉफी के खेतों के लिए जाना जाता था, तेज हवाओं और भारी बारिश से तबाह हो रहा है।

    आखिर कैसे बनते हैं ऐसे तूफान?

    जब गर्म समुद्री जल ऊपर उठता है, तो उसके नीचे निम्न दाब क्षेत्र बनता है। यह हवा ऊपर उठकर ठंडी होती है, जिससे ऊर्जा निकलती है और आसपास के क्षेत्र से और ज्यादा हवा खिंचने लगती है। पृथ्वी के घूमने से यह हवा घूर्णन में बदल जाती है और एक भंवर जैसा तूफान बन जाता है, जिसे हरिकेन या चक्रवात कहते हैं।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts