यूपी में भीषण गर्मी:सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए हों विशेष इंतजाम

यूपी में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बुंदेलखंड के कई इलाकों में हालात और भी गंभीर बने हुए हैं। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सीएम योगी ने सभी जिलों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मजदूरों की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों और मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों, फैक्ट्रियों और खुले क्षेत्रों में काम कर रहे मजदूरों को लू और डिहाईड्रेशन से बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। अधिकारियों से कहा गया है कि कार्यस्थलों पर पीने के पानी, छाया और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। साथ ही दोपहर के समय अनावश्यक श्रम कार्यों से बचने की सलाह भी दी गई है। सीएम ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों की सेहत के साथ किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग लगातार निगरानी बनाए रखें।
ये भी पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमला: NIA चार्जशीट में सामने आए बड़े खुलासे, 26 मौतों की दर्दनाक कहानी
अस्पतालों और बिजली व्यवस्था पर सरकार की नजर
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाइयों, बेड और डॉक्टरों की उपलब्धता बनी रहनी चाहिए ताकि मरीजों को तुरंत राहत मिल सके। इसके अलावा पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है, ऐसे में अधिकारियों को बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खासकर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए। लोग सूती और ढीले कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने और तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने आग लगने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने को कहा। सीएम ने चेतावनी दी कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन को भी हर स्तर पर सतर्क रहने और तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के विदेशी गिफ्ट्स की चर्चा, मेलोनी को स्टोल-टॉफी तो UAE राष्ट्रपति को भेंट किए केसर आम
कई जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी
उधर मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी यूपी में 21 से 26 मई तक और पूर्वी यूपी में 23 मई तक हीट वेव और सीवियर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे पूरा बुंदेलखंड तपिश से झुलस रहा है। वहीं प्रयागराज में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और प्रशासन के सामने राहत व्यवस्था बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है।












