पीएम मोदी के विदेशी गिफ्ट्स की चर्चा,मेलोनी को स्टोल-टॉफी तो UAE राष्ट्रपति को भेंट किए केसर आम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं। इस दौरे में उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। लेकिन इस यात्रा की एक और बात सबसे ज्यादा चर्चा में रही और वो थी पीएम मोदी की तरफ से दिए गए खास भारतीय उपहार। विदेश दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों को ऐसे उपहार दिए, जिनका संबंध भारत की विविध संस्कृति और स्थानीय कारीगरी से था। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को दिए गए गिफ्ट्स सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहे। खासतौर पर 'मेलोडी टॉफी' को लेकर लोगों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं।
मेलोनी को मिला असम का खास मुगा सिल्क स्टोल
प्रधानमंत्री मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को असम का प्रसिद्ध मुगा सिल्क स्टोल भेंट किया। मुगा सिल्क को दुनिया के सबसे खास रेशमों में गिना जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राकृतिक सुनहरी चमक होती है, जो समय के साथ और निखरती जाती है। इसे 'गोल्डन सिल्क' भी कहा जाता है। यह रेशम पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से तैयार किया जाता है और इसमें किसी तरह के कृत्रिम रंग का इस्तेमाल नहीं होता। यही वजह है कि इसे पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ कपड़ा माना जाता है। असम के कारीगर पीढ़ियों से इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं और आज भी इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मांग है।
मणिपुर की संस्कृति से जुड़ा शिंरुई लिली स्टोल भी किया भेंट
इटली की प्रधानमंत्री को एक और खास स्टोल दिया गया, जो मणिपुर के प्रसिद्ध शिंरुई लिली फूल से प्रेरित था। यह फूल मणिपुर की शिंरुई काशोंग पहाड़ियों में पाया जाता है और तांगखुल नागा समुदाय के लिए बेहद खास माना जाता है। इस फूल को पवित्रता, सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक माना जाता है। दिलचस्प बात यह है कि लिली का फूल इटली के पुनर्जागरण काल की कला और संस्कृति में भी सुंदरता और शालीनता का प्रतीक रहा है। ऐसे में यह उपहार दोनों देशों की सांस्कृतिक समानताओं को जोड़ने वाला माना जा रहा है।
'मेलोडी टॉफी' ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां
प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से जॉर्जिया मेलोनी को दी गई मेलोडी टॉफी भी चर्चा का बड़ा विषय बनी रही। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर मजेदार पोस्ट और मीम्स शेयर किए। कई यूजर्स ने लिखा कि भारतीय बचपन की यादों से जुड़ी यह टॉफी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है। हालांकि यह एक छोटा उपहार था, लेकिन लोगों ने इसे भारत की आम जिंदगी और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बताया। सोशल मीडिया पर 'मेलोडी' और 'मेलोनी' को जोड़कर भी कई प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
इटली के राष्ट्रपति को दिया गया पच्चीकारी मार्बल बॉक्स
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली के राष्ट्रपति को आगरा की मशहूर पच्चीकारी कला से तैयार किया गया संगमरमर का बॉक्स भी भेंट किया। यह बॉक्स सफेद संगमरमर पर की गई बेहद बारीक नक्काशी और पत्थरों की जड़ाई का शानदार उदाहरण है। इसमें लेपिस लाजुली, फिरोजा, मैलाकाइट, मूंगा और मदर-ऑफ-पर्ल जैसे अर्ध-कीमती पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। आगरा की यह कला मुगलकाल से चली आ रही है और दुनिया भर में अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती है। बॉक्स पर बनाए गए फूलों और ज्यामितीय डिजाइन ने इसकी सुंदरता को और खास बना दिया।
UAE राष्ट्रपति को भेंट किए केसर आम
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को भारत के प्रसिद्ध केसर आम भी भेंट किए। केसर आम मुख्य रूप से गुजरात में उगाए जाते हैं और अपनी मिठास, खुशबू और स्वाद के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हैं।












