सोहागपुर में सड़क पर पानी बहाने वाले दुकानदारों पर नगर परिषद की कार्रवाई, लगाया जुर्माना
सोहागपुर। नगर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और सड़कों पर गंदगी एवं जलभराव की स्थिति रोकने के उद्देश्य से नगर परिषद सोहागपुर ने सड़क पर पानी बहाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा के निर्देशन में नगर के वाटिका रेस्टोरेंट के सामने स्थित दुकानों पर की गई।
दुकानदारों को अतिरिक्त सामग्री हटाने के निर्देश
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद की टीम ने सड़क पर पानी बहाने वाले संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। साथ ही दुकानों के सामने रखी अतिरिक्त सामग्री को हटाने के निर्देश दिए गए। टीम ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा कि दुकानों से निकलने वाला पानी सड़क पर न बहाया जाए, जिससे सड़क पर गंदगी, कीचड़ और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो तथा आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
दुकानों के आसपास साफ-सफाई रखने के निर्देश
नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों को दुकान परिसर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा नगर परिषद द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
नियमों का उल्लंघन करने पर जारी रहेगी कार्रवाई
मुख्य नगर पालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और नागरिकों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपील की कि वे नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें तथा दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएं।























