सोहागपुर के जमनी सरोवर मंदिर में अखंड ज्योति और मानस पारायण की 35वीं वर्षगांठ पर सीताराम संकीर्तन और भंडारा
सोहागपुर। नगर के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के पुण्य जमनी सरोवर स्थित श्री हनुमंतलाल जी मंदिर में अखंड ज्योति एवं मानस पारायण पाठ की 35वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुवार को श्री सीताराम संकीर्तन एवं भंडारा कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सहभागिता की और प्रसादी ग्रहण की।
1991 से निरंतर प्रज्वलित है अखंड ज्योति
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1991 से जमनी सरोवर स्थित श्री हनुमंतलाल जी मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्वलित है तथा उसी समय से रामायण का पारायण पाठ अनवरत रूप से जारी है। इस धार्मिक परंपरा की शुरुआत चांदीखेड़ी के सीताराम महाराज के मार्गदर्शन में हुई थी। उन्हीं के द्वारा मंदिर में अखंड ज्योति स्थापित कर मानस एवं रामायण पाठ का क्रम प्रारंभ कराया गया, जो 35 वर्षों से निरंतर जारी है।
सुसंस्कारित शिक्षा मंदिर की भी हुई स्थापना
इसी धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दिवंगत एसपी सिंह मास्साब द्वारा वर्ष 1997 में इसी देव मंदिर परिसर में सुसंस्कारित शिक्षा मंदिर की स्थापना की गई थी। इस संस्थान के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन, कार्य के प्रति समर्पण, सनातन संस्कृति एवं सभ्यता के संरक्षण, ईश्वर के प्रति आस्था, मान-सम्मान और स्वाभिमान जैसे जीवन मूल्यों की शिक्षा दी जाती है।
सुबह 8 बजे से शुरू हुआ सीताराम संकीर्तन
गुरुवार सुबह 8 बजे से मंदिर परिसर में श्री सीताराम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न भजन मंडलों के कलाकारों ने श्री सीताराम संकीर्तन की विविध धुनों एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से वातावरण को राममय बना दिया। श्रद्धालु भजनों में भावपूर्वक सहभागी बने रहे।
रात 8 बजे से शुरू हुआ भंडारा
रात्रि 8 बजे से मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिसमें नगरवासियों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
मंगलवार और शनिवार को भी पहुंचते हैं श्रद्धालु
जमनी सरोवर स्थित श्री हनुमंतलाल जी मंदिर में प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को भी भगवान श्री हनुमान जी और नव स्थापित शिवलिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है। मंदिर में नियमित रूप से आने वाले भक्तों की संख्या भी इसकी धार्मिक आस्था एवं महत्ता को दर्शाती है। 35 वर्षों से निरंतर जल रही अखंड ज्योति और जारी मानस पारायण पाठ इस मंदिर की आध्यात्मिक परंपरा एवं श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक बना हुआ है।






















