भिण्ड में पुलिस की घेराबंदी देख कार छोड़कर भागा चालक, 15 पेटी बीयर और कार समेत 10.90 लाख का माल जब्त

भिण्ड। शराब से भरी कार लेकर शहर की सड़कों पर निकला चालक पुलिस की घेराबंदी में ऐसा फंसा कि गाड़ी छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस ने मौके पर कार की तलाशी ली तो उसमें किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रॉन्ग बीयर की 15 पेटियां भरी मिलीं।
सिटी कोतवाली पुलिस ने शराब और कार समेत 10.90 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। हालांकि, पुलिस के हाथ तस्कर नहीं लग सका। अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर विजयलक्ष्मी गार्डन के पास घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 26 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक एमपी 07 ए क्यू 3835 में अवैध शराब भरकर महावीर गंज से सुभाष नगर की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ बताए गए रास्ते पर घेराबंदी की। सुभाष नगर स्थित विजयलक्ष्मी गार्डन के पास संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को सामने देखकर चालक कार मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने उसका पीछा कर तलाश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
गुना में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 3 हजार लीटर लहान और भट्टियां नष्ट
कार की तलाशी में निकलीं बीयर की 15 पेटियां
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें किंगफिशर एक्स्ट्रा स्ट्रॉन्ग बीयर की 15 पेटियां रखी मिलीं। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में बीयर और फ्रॉन्क्स कार को विधिवत जब्त कर लिया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत 10.90 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
बेगमगंज में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक हरवीर सिंह तथा आरक्षक उमाशंकर, अनुराग, बादल, सतेन्द्र, दीपक, अनिल जाट, संदीप, राघवेन्द्र और अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















