Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर में 18 दुकानों की नीलामी पर संकट, 12 दुकानदारों ने जमा नहीं की प्रीमियम राशि; नीलामी निरस्त करने की तैयारी

सोहागपुर नगर परिषद द्वारा स्टेडियम फेस-3 में भूतल पर निर्मित 18 दुकानों की ऑनलाइन नीलामी कराए करीब चार माह बीत चुके हैं। इसके बावजूद करीब एक दर्जन दुकानदारों ने नीलामी की शर्तों के मुताबिक प्रीमियम की 50 प्रतिशत राशि जमा नहीं कराई है। दो बार नोटिस जारी होने के बाद अब संबंधित दुकानों की नीलामी निरस्त करने का प्रस्ताव परिषद की बैठक में रखने की तैयारी की जा रही है।
सोहागपुर में 18 दुकानों की नीलामी पर संकट, 12 दुकानदारों ने जमा नहीं की प्रीमियम राशि; नीलामी निरस्त करने की तैयारी
सोहागपुर में 18 दुकानों की नीलामी पर संकट

सोहागपुर। नीलामी की शर्तों के अनुसार दुकान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को निर्धारित समय सीमा में बोली की 50 प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा करना अनिवार्य था। लेकिन चार माह बाद भी कई दुकानदारों द्वारा राशि जमा नहीं कराए जाने से नगर परिषद की राजस्व वसूली पर सवाल उठने लगे हैं। राजस्व शाखा ने संबंधित दुकानदारों को दो बार नोटिस जारी किए हैं। अब नीलामी निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव परिषद की बैठक में रखा जाएगा और निर्णय के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।

चार माह बाद भी जमा नहीं हुई प्रीमियम राशि

स्थानीय वाटिका रेस्टोरेंट के सामने स्टेडियम फेस-3 में निर्मित 18 दुकानों की ऑनलाइन निविदा नगर परिषद द्वारा जारी की गई थी। नीलामी प्रक्रिया का फ्लेक्स और समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया गया था। इसके बावजूद कई दुकानदारों द्वारा निर्धारित राशि जमा नहीं कराए जाने से मामला अब नगर परिषद में कार्रवाई के लिए पहुंच गया है।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में दो बाइकों की भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल; नर्मदापुरम रेफर

बोली की 50 प्रतिशत राशि जमा करना था अनिवार्य

टेंडर की शर्तों के अनुसार बोली में दुकान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को निर्धारित समय सीमा के भीतर बोली की 50 प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा करना अनिवार्य था। लेकिन चार माह बीतने के बाद भी कई दुकानदारों ने निर्धारित राशि जमा नहीं कराई। इससे नगर परिषद की राजस्व वसूली पर सवाल उठने लगे हैं।

कम आवेदन मिलने पर बढ़ाई गई थी नीलामी की तारीख

सूत्रों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कम प्राप्त होने के चलते नीलामी की तारीख भी बढ़ाई गई थी, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रक्रिया में शामिल हो सकें। हालांकि 50 प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा करने की अनिवार्य शर्त के चलते कई इच्छुक लोगों ने नीलामी में हिस्सा लेने से दूरी बना ली थी। अब नीलामी में दुकान प्राप्त करने वाले कुछ लोगों द्वारा राशि जमा नहीं किए जाने पर नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों की नीलामी निरस्त कर पुनः प्रक्रिया कराने की मांग उठ रही है।

Breaking News

विकास कार्यों के लिए जरूरी है नीलामी से मिलने वाली राशि

पार्षद आशीष विश्वकर्मा का कहना है कि नगर में विकास कार्यों को गति देने के लिए आर्थिक संसाधनों की आवश्यकता होती है। स्टेडियम फेस-3 की 18 दुकानों की नीलामी भी नगर परिषद के लिए राजस्व जुटाने के उद्देश्य से कराई गई थी, ताकि इस राशि से विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा सके। लेकिन नीलामी की शर्तों के अनुरूप राशि जमा नहीं होने से परिषद को अपेक्षित राजस्व प्राप्त नहीं हो पा रहा है।

12 दुकानदारों को दो बार जारी किए जा चुके हैं नोटिस

नगर परिषद के राजस्व शाखा प्रभारी संजय परसाई ने बताया कि जिन दुकानदारों ने नीलामी के बाद निर्धारित राशि जमा नहीं कराई है, उन्हें दो-दो बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। करीब 12 दुकानदारों द्वारा अभी तक राशि जमा नहीं कराई गई है, जबकि कुछ दुकानदारों ने पांच-पांच लाख रुपए तक जमा कराए हैं। नीलामी निरस्त करने संबंधी कार्रवाई का अनुमोदन परिषद की बैठक में रखा जा रहा है और राजस्व शाखा द्वारा सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा के निर्देशन में संबंधित फाइल आगे बढ़ाई जा चुकी है।

राशि जमा नहीं करने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि जिन दुकानदारों ने आंशिक राशि जमा कराई है, उन्हें नीलामी की शर्तों के अनुरूप बाकी राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर वे निर्धारित राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पार्षद शोभा जगदीश अहिरवार और पार्षद आशीष विश्वकर्मा ने भी राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने, नीलामी निरस्त करने अथवा पुनः निविदा जारी करने की मांग की है, ताकि नगर परिषद को नियमानुसार राजस्व प्राप्त हो सके।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts