भोपाल के अचारपुरा तालाब का असली रकबा रिकॉर्ड से गायब, NGT ने कलेक्टर और वन अधिकारी को किया तलब

भोपाल। राजधानी के ग्राम मनीखेड़ी कोट स्थित अचारपुरा तालाब में कथित अवैध खनन और तालाब की मेड़ तोड़े जाने के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकरण ने संयुक्त समिति की निरीक्षण रिपोर्ट में विरोधाभास और राजस्व रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलने पर सवाल उठाए हैं। साथ ही समिति को दोबारा निरीक्षण कर तालाब की वास्तविक स्थिति पर नई रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। NGT ने भोपाल कलेक्टर से भी जवाब और पुराने राजस्व अभिलेख मांगे हैं, जिनमें तालाब का मूल क्षेत्रफल दर्ज हो। मामले की अगली सुनवाई 4 जनवरी 2027 को होगी। यह मामला ग्राम मनीखेड़ी कोट में प्राइम पैक इंडस्ट्री के पीछे स्थित अचारपुरा तालाब में कथित अवैध खनन से जुड़ा है। NGT ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया था। न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, न्यायमूर्ति श्यो कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी की पीठ ने सुनवाई के दौरान संयुक्त समिति की रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आने पर दोबारा जांच के निर्देश दिए।
संयुक्त समिति को मौके पर नहीं मिला सक्रिय खनन
संयुक्त समिति ने 20 नवंबर 2026 को NGT के समक्ष अपनी निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। रिपोर्ट के अनुसार, तालाब के उत्तर और पश्चिम दिशा में औद्योगिक प्रतिष्ठान तथा कृषि भूमि है, जबकि पूर्व और दक्षिण दिशा में औद्योगिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। समिति ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई सक्रिय खुदाई या खनन गतिविधि नहीं मिली। तालाब की मेड़ में भी नया टूटना नहीं पाया गया। हालांकि स्थानीय निवासियों ने समिति को बताया कि पूर्व में तालाब की मेड़ क्षतिग्रस्त हुई थी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि तालाब में पानी मौजूद था और स्थानीय लोगों के अनुसार उसका जलस्तर पिछले साल के लगभग समान था। सहायक खनिज अधिकारी भोपाल ने भी समिति को बताया कि निरीक्षण किए गए स्थान पर अवैध खनन की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
मेड़ टूटने को लेकर रिपोर्ट में विरोधाभास
सुनवाई के दौरान NGT ने संयुक्त समिति की रिपोर्ट में एक महत्वपूर्ण विरोधाभास की ओर ध्यान दिलाया। समिति ने एक तरफ कहा कि निरीक्षण के समय तालाब की मेड़ टूटी हुई नहीं मिली जबकि रिपोर्ट के दूसरे हिस्से में मेड़ टूटने के संभावित प्रभावों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया था कि तालाब की मेड़ टूटने से सतही जल के ठहराव का समय कम हो सकता है। इससे पानी के जमीन में रिसाव और भूजल पुनर्भरण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। अधिकरण ने इसी विरोधाभास पर सवाल उठाते हुए तालाब की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोबारा निरीक्षण जरूरी माना।
सरकारी रिकॉर्ड में तालाब का मूल क्षेत्रफल स्पष्ट नहीं
NGT ने वर्ष 2026-27 के राजस्व रिकॉर्ड में भी विसंगति पाई। रिकॉर्ड में वन भूमि, शासकीय भूमि और कृषि भूमि का उल्लेख है लेकिन तालाब का स्पष्ट विवरण और उसका मूल क्षेत्रफल दर्ज नहीं है। पटवारी के राजस्व अभिलेखों के अनुसार, खसरा नंबर 110/1 की 16.1870 हेक्टेयर भूमि शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है। वहीं मध्य प्रदेश राज्य वेटलैंड प्राधिकरण के प्रतिनिधि ने बताया कि ISRO के आंकड़ों के आधार पर तैयार चिह्नित वेटलैंड की सूची में अचारपुरा तालाब शामिल नहीं है। सुनवाई के दौरान मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से अधिवक्ता ने स्पष्ट किया कि संयुक्त समिति की रिपोर्ट के पैरा 5.7 में जिस राजस्व रिकॉर्ड का उल्लेख है, वह केवल अवैध खनन के लिए निरीक्षण किए गए क्षेत्र से संबंधित है। यह पूरे तालाब का विस्तृत राजस्व रिकॉर्ड नहीं है।
कलेक्टर को पुराने राजस्व रिकॉर्ड देने के निर्देश
रिपोर्ट में मिली विसंगतियों को देखते हुए NGT ने संयुक्त समिति को अचारपुरा तालाब का दोबारा निरीक्षण करने और उसकी वास्तविक स्थिति पर नई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही भोपाल कलेक्टर को अपना जवाब और रिपोर्ट पेश करने को कहा है। कलेक्टर को ऐसे पुराने राजस्व अभिलेख भी संलग्न करने होंगे, जिनमें तालाब का मूल क्षेत्रफल दर्ज हो।
गुना जिले के बजरंगगढ़ किले के आसपास अवैध खनन पर NGT का पांच विभागों को नोटिस
वन भूमि का उल्लेख मिलने पर DFO भी मामले में शामिल
NGT ने संयुक्त समिति की रिपोर्ट के अनुलग्नक-4 में संबंधित भूमि के एक हिस्से को वन भूमि के रूप में दर्शाए जाने पर भी ध्यान दिया। इसके बाद अधिकरण ने संभागीय वन अधिकारी (DFO), भोपाल को मामले में अतिरिक्त प्रतिवादी संख्या 7 के रूप में शामिल करने का निर्देश दिया है।




















