बाराबंकी से 2027 की तैयारी!चुनाव से पहले योगी का बड़ा दांव, लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की रखेंगे नींव

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अयोध्या में राम मंदिर और वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद अब बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 20 जुलाई 2026 को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रदेश की राजनीति में भी अहम माना जा रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस परियोजना को भाजपा के बड़े राजनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार इस कॉरिडोर का निर्माण तेजी से पूरा कर चुनाव से पहले श्रद्धालुओं को समर्पित करना चाहती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लोधेश्वर महादेव मंदिर का धार्मिक और सामाजिक प्रभाव बाराबंकी के अलावा उन्नाव, बांदा, जालौन, कानपुर, हमीरपुर और कालपी जैसे जिलों तक है। इन क्षेत्रों में लोध, गुर्जर, तोमर और पाल समाज के बड़ी संख्या में लोग भगवान शिव को अपना कुलदेवता मानते हैं। ऐसे में यह परियोजना सामाजिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
20 बीघा में विकसित होगा भव्य कॉरिडोर
लोधेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर करीब 20 बीघा क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर के आसपास स्थित 127 मकानों और दुकानों को हटाया गया है। जिन लोगों के निर्माण वैध पाए गए, उन्हें लगभग 48 करोड़ रुपये का मुआवजा देकर विस्थापित किया गया जबकि अतिक्रमण पर प्रशासन ने कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें: मानसून सत्र के लिए सर्वदलीय बैठक : सरकार की विपक्ष को नसीहत, रिजिजू बोले- संसद चलाना सभी की साझा जिम्मेदारी
श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कॉरिडोर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसमें भव्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा मार्ग, विश्राम गृह, क्लॉक रूम, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर के अमृत सरोवर का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का लक्ष्य लोधेश्वर महादेव मंदिर को उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल करना है। उम्मीद है कि कॉरिडोर बनने के बाद बाराबंकी और आसपास के जिलों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी जिससे स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और अन्य व्यवसायों को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
ये भी पढ़ें: सीहोर : जॉइनिंग से पहले ही छाए एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे, अभिनय से दिया नशे के खिलाफ बड़ा संदेश
शिलान्यास के बाद जनसभा भी करेंगे CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कॉरिडोर के शिलान्यास के बाद बाराबंकी में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वे सरकार की विकास योजनाओं और धार्मिक पर्यटन से जुड़े विजन को जनता के सामने रखेंगे।












