2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने प्रेजेंटेशन दिया, IOC के सामने पेश किया विजन

26 नवंबर को IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के साथ ऑनलाइन बैठक में भारत ने खेल सुविधाओं के विकास से लेकर आयोजन की योजना तक की जानकारी दी। इस दौरान संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद की क्षमताओं पर खास जोर दिया गया। भारत ने खेल बुनियादी ढांचे, सरकारी सहयोग और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के अनुभव को भी अपनी दावेदारी का हिस्सा बनाया।
IOC के सामने 30 मिनट तक चली भारत की प्रस्तुति
भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से जारी बयान के मुताबिक, भारत की प्रेजेंटेशन करीब 30 मिनट तक चली। इसके बाद IOC के फ्यूचर होस्ट कमीशन के 9 सदस्यों के साथ लगभग 20 मिनट तक चर्चा हुई। इस कमीशन की अध्यक्षता कोलिंडा ग्राबर-कितारोविच कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, भारत ने कोरिया को 2-1 से हराया; मुमताज और सुनेलिता ने दागे गोल
अहमदाबाद के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिया जोर
प्रेजेंटेशन में अहमदाबाद में मौजूद खेल बुनियादी ढांचे, प्रस्तावित स्पोर्ट्स वेन्यू और उनके विकास की योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा केंद्र सरकार, गुजरात सरकार और अहमदाबाद प्रशासन की ओर से भारतीय ओलंपिक संघ को मिल रहे सहयोग का भी जिक्र किया गया।
सात देश ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में शामिल
2036 ओलंपिक की मेजबानी की दौड़ में भारत अकेला नहीं है। जर्मनी, हंगरी, कतर, साउथ कोरिया, साउथ अफ्रीका और तुर्किये भी इस आयोजन की मेजबानी में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस तरह भारत समेत सात देश दावेदारी की दौड़ में शामिल हैं।
दिसंबर में आम लोगों की राय जानने के लिए होगा सर्वे
भारत की दावेदारी के लिहाज से अगला अहम कदम दिसंबर में उठाया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, IOC दिसंबर के तीसरे सप्ताह में एक गुमनाम सर्वे कराएगा, जिसके जरिए भारत की ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी को लेकर आम लोगों की राय जानने की कोशिश की जाएगी।
मार्च में दावेदारी के मूल्यांकन में अहम होंगे सर्वे के नतीजे
इस सर्वे के नतीजे अगले साल मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके बाद स्ट्रैटेजिक डायलॉग का चरण शुरू होगा, जिसमें मेजबानी की इच्छुक देशों को फ्यूचर होस्ट प्रश्नावली का शुरुआती जवाब देने के साथ आयोजन के लिए जरूरी वित्तीय गारंटी भी पेश करनी होगी।
प्रस्तुति में खेल मंत्री समेत कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद
गुरुवार को हुई ऑनलाइन प्रस्तुति में भारत की ओर से खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, IOC में भारत की प्रतिनिधि नीता अंबानी और IOA एथलीट्स कमीशन की प्रमुख और बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु शामिल हुईं। इनके अलावा गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और IOA के CEO रघुराम अय्यर समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




















