बाराबंकी:लोधेश्वर महादेव मंदिर में बनेगा काशी जैसा भव्य कॉरिडोर, CM योगी बोले- पहले कट्टा और बम थे अब ब्रह्मोस है

बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर में CM योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया। जनसभा में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम से थी, अब ब्रह्मोस मिसाइल से है।
लोधेश्वर महादेव मंदिर में बनेगा काशी जैसा भव्य कॉरिडोर, CM योगी बोले- पहले कट्टा और बम थे अब ब्रह्मोस है
CM योगी बोले- पहले कट्टा और बम थे अब ब्रह्मोस है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी स्थित लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद भव्य कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर लोधेश्वर महादेव मंदिर का भी विकास किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए बजट स्वीकृत कर दिया है और यह परियोजना क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाएगी।

पिछली सरकारों ने मंदिर की अनदेखी की

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं लेकिन वर्षों तक इस मंदिर की उपेक्षा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद भी पूर्ववर्ती सरकारों ने मंदिर के विकास पर ध्यान नहीं दिया। योगी ने कहा कि उनकी सरकार सनातन संस्कृति और देश की विरासत को संरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है। काशी और अयोध्या की तरह लोधेश्वर महादेव मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में जनता के पैसे का सही उपयोग नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों के विकास की बजाय अन्य कार्यों पर सरकारी धन खर्च किया गया। उन्होंने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधाएं खड़ी की जाती थीं जबकि अब सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

ये भी पढ़ें: बाराबंकी से 2027 की तैयारी! चुनाव से पहले योगी का बड़ा दांव, लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की रखेंगे नींव

पहले कट्टा और बम था, अब ब्रह्मोस है

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा पहले उत्तर प्रदेश की पहचान कट्टा और बम से होती थी, आज ब्रह्मोस मिसाइल से होती है। पहले कहा जाता था- देख सपाई, बेटी घबराई लेकिन आज बेटियां भी सुरक्षित हैं और व्यापारी भी सुरक्षित हैं। जो कानून तोड़ेगा, उसके लिए जेल या जहन्नुम ही जगह होगी।

विकास परियोजनाओं का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के दौरान बनी परियोजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि लखनऊ की जेपीएनआईसी बिल्डिंग और गोमती रिवर फ्रंट जैसी योजनाओं में भारी खर्च के बावजूद काम अधूरा रहा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे कम लागत में पूरा कराया और अब जनता के पैसे का उपयोग धार्मिक स्थलों और विकास परियोजनाओं पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के साथ यहां फोरलेन सड़क का भी निर्माण होगा जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

ये भी पढ़ें: अब न कर्फ्यू, न दंगा... माफिया का होगा सफाया, CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉरिडोर बनने के बाद लोधेश्वर महादेव मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल होगा। इससे बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts